...तो इसलिए प्रियंका चोपड़ा ने आनन-फानन में निपटायी हॉलीवुड फ़िल्म की शूटिंग, देखें तस्वीरें
अपने हॉलीवुड करियर के अलावा प्रियंका इन दिनों अमेरिकन सिंगर निक जोनास के साथ दोस्ती को लेकर भी ख़ूब ख़बरें बटोर रही हैं।
मुंबई। देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अपने ख़ास विदेशी दोस्त सिंगर निक जोनास के साथ रिलेशनशिप को लेकर सुर्खियों में रहती हैं और अब यह रिलेशनशिप एक नये मुकाम पर पहुंचने के संकेत मिल रहे हैं। इसकी तैयारी प्रियंका ने संभवत: काफ़ी वक़्त पहले ही कर ली थी, इसीलिए अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट पूरा करने में बिज़ी थीं। सलमान ख़ान की फ़िल्म भारत उन्होंने शूटिंग शुरू करने से पहले ही छोड़ दी है। वहीं हॉलीवुड फ़िल्म Isn't It Romantic की शूटिंग पिछले दिनों पूरी की, जिसकी तस्वीरें इंटरनेट पर छायी रहीं।
इन तस्वीरों को प्रियंका की टीम ने ट्विटर पर शेयर किया था। गुलाबी रंग का लो-नेक गाउन पहने प्रियंका ग़ज़ब की ब्यूटीफुल दिख रही हैं। इन तस्वीरों में प्रियंका जमकर मस्ती करती नज़र आ रही हैं। एक तस्वीर में प्रियंका किसी को फ्लाइंग किस कर रही हैं।
प्रियंका की मस्ती का आलम देखिए। बॉलीवुड स्टाइमगल में डांस स्टेप करते हुए प्रियंका अलग ही दिख रही हैं। चलिए ज़्यादा सस्पेंस ना बनाते हुए बताते हैं कि प्रियंका की इन तस्वीरों का सबब क्या है।
दरअसल, ये ताज़ा तस्वीरें प्रियंका की हॉलीवुड फ़िल्म Isn't It Romantic के सेट से आयी हैं, जिसकी शूटिंग का आख़िरी शेड्यूल उन्होंने बाक़ी स्टार कास्ट के साथ शूट किया है। इसमें एक डांस सीक्वेंस भी शामिल था, जिसकी तस्वीरें यहां दी गयी हैं।
यह फ़िल्म अगले साल वेलेंटाइन डे यानि 14 फरवरी को रिलीज़ के लिए स्लेटेड है। इस तस्वीर में प्रियंका लियाम हेम्सवर्थ के साथ डांसिंग स्टेप करती दिख रही हैं।
'इज़िंट इट रोमेंटिक' अमेरिकन रोमांटिक कॉमेडी फ़िल्म है, जिसे टॉड स्ट्रॉस शुल्सन डायरेक्ट कर रहे हैं। फ़िल्म में प्रियंका के अलावा रिबेल विल्सन, एडम डेवाइन, लियाम हेम्सवर्थ और बेटी गिलपिन मुख्य भूमिकाओं में हैं।
प्रियंका की यह दूसरी हॉलीवुड फ़िल्म है। क्वांटिको टीवी सीरीज़ के बाद उन्होंने बेवॉच से हॉलीवुड फ़िल्म इंडस्ट्री में अपना करियर शुरू किया था, जिसमें प्रियंका ने मुख्य विलेन का रोल प्ले किया था। फ़िल्म में ड्वेन जॉनसन ने लीड रोल निभाया था।
Isn't It Romantic के इस आख़िरी शेड्यूल को न्यूयॉर्क की सड़कों पर शूट किया गया है, जिसका वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।
अपने हॉलीवुड करियर के अलावा प्रियंका इन दिनों अमेरिकन सिंगर निक जोनास के साथ दोस्ती को लेकर भी ख़ूब ख़बरें बटोर रही हैं। पिछले दिन निक प्रियंका के साथ मुंबई भी आये थे और उनके परिवार के साथ वक़्त बिताया। निक और प्रियंका के रिश्ते की तस्वीर अभी साफ़ नहीं है, मगर जिस तरह दोनों को हाथों में हाथ डालकर घूमते हुए देखा गया है, उससे दोनों के बीच रिश्ते की गहराई का अंदाज़ा ज़रूर हो जाता है।
इशारों-इशारों में प्रियंका भी सोशल मीडिया और अमेरिकन मीडिया से बातचीत में निक के लिए अपनी फॉन्डनेस ज़ाहिर करती रहती हैं। हाल ही में पीपुल मैगज़ीन को दिये एक इंटरव्यू में प्रियंका ने निक के मुंबई प्रवास पर कहा - ''हम एक-दूसरे को समझने में लगे हैं और मेरा मानना है कि यह उनके लिए शानदार अनुभव है। मेरा मानना है कि वे वास्तव में इसका आनंद उठा रहे हैं। यह काफ़ी अच्छा था। उन्होंने अच्छा समय बिताया।''
एक अन्य ऑनलाइन मैगज़ीन से बातचीत में प्रियंका ने शादी को लेकर कहा था कि उन्हें शादी का विचार पसंद है और वो एक दिन शादी ज़रूर करेंगी। अब लग रहा है कि वो दिन जल्द आने वाला है।