हॉलीवुड वालों को लगता है कि बॉलीवुड फिल्मों में सिर्फ नाच-गाना ही होता है: फ्रीडा पिंटो
फिल्म लव सोनिया 14 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है।
रूपेश कुमार गुप्ता, मुंबई। फिल्म लव सोनिया रिलीज हो चुकी है जिसमें फ्रीडा पिंटो की अहम भूमिका है। फ्रीडा पिंटो ने जागरण डॉट कॉम के साथ विशेष बातचीत करते हुए बताया कि, हॉलीवुड में 10-11 साल काम करने के बाद उन्हें ऐसा लगता है कि हॉलीवुड में काम कर रहे लोगों को लगता है कि, बॉलीवुड की फिल्मों में मात्र नाच-गाना ही होता है।
हॉलीवुड में लंबे समय से काम कर रही फ्रीडा पिंटो का कहना है कि, हॉलीवुड के लोगों को बॉलीवुड को लेकर यह सोच है कि बॉलीवुड में सिर्फ नाच-गाना ही होता है। लेकिन करीब 10 सालों से वे इन लोगों को यह समझाने की कोशिश कर रही हैं कि बॉलीवुड फिल्में मात्र मसाला फिल्में नहीं हैं। वे बताती हैं कि, इन फिल्मों में प्रसिद्ध कलाकार स्मिता पाटिल और शबाना आजमी की फिल्में भी शामिल हैं लेकिन अफसोस है कि इन फिल्मों की चर्चा नहीं होती। इसके अलावा भारतीय फिल्मों में क्षेत्रीय भाषाओं में बनने वाली फिल्में भी बहुत ही गजब की होती हैं, लेकिन उनकी आवाज अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नहीं जाने के कारण उनकी बात भी कोई नहीं करता। अब मराठी फिल्मों के अलग-अलग विषयों पर फिल्म बनाने के कारण अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा में उनकी पूछ भी बढ़ी है।
इस मौके पर फ्रीडा पिंटो ने यह भी कहा कि हॉलीवुड वालों के दिमाग में देवदास फिल्म अभी भी है। इसके अलावा और भी कई फिल्में वह अक्सर देखा करते हैं। फिल्म लव सोनिया की बात करें तो इसमें फ्रीडा पिंटो के साथ ऋचा चड्ढा, मनोज वाजपेई, अनुपम खेर और मृणाल ठाकुर की भी अहम भूमिका है। यह फिल्म देह व्यापार जैसे संवेदनशील विषय पर आधारित है। इस फिल्म का निर्देशन तबरेज नूरानी ने किया है। फिल्म 14 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है।
यह भी पढ़ें: …तो क्या इस दिन होने वाली है दीपिका और रणवीर की शादी !
यह भी पढ़ें: महा गणपति स्पेशल: इंडियन अाइडल 10 के सेट पर गणपति का होगा भव्य स्वागत