पत्नी से तलाक के दो साल बाद फरहान अख्तर ने तोड़ी चुप्पी, बोले; सबसे मुश्किल था...
फरहान अख्तर ने अपनी पत्नी अधुना भबानी से तलाक पर चुप्पी तोड़ी है। फरहान और अधुना ने साल 2000 में शादी की थी और दोनों ने 17 साल बाद 2017 में अलगाव का फैसला लिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। अभिनेता फरहान अख्तर की फिल्म द स्काई इज पिंक इसी हफ्ते शुक्रवार 11 अक्तूबर को रिलीज होने वाली है। फरहान फिल्म की अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के साथ प्रमोशन में व्यस्त हैं। इस बीच फरहान अख्तर ने अपनी पत्नी अधुना भबानी से तलाक पर चुप्पी तोड़ी है। फरहान और अधुना ने साल 2000 में शादी की थी और दोनों ने 17 साल बाद 2017 में अलगाव का फैसला लिया। जब दोनों ने अलग हो रहे थे, तब इस खबर ने हर किसी को सकते में डाल दिया था। लेकिन तलाक के दो साल बाद अब फरहान और अधुना का रिश्ता दोस्ताना है। वहीं फरहान अख्तर भी अपनी जिंदगी में आगे निकल चुके हैं। वह मॉडल शिबानी दांडेकर को डेक कर रहे हैं। दोनों साथ में काफी खुश भी हैं।
फरहान अख्तर अपने तलाक से जुड़े सवालों से बचते हैं। पर द स्काई इज पिंक के प्रमोशन के दौरान जब फरहान अख्तर ने पिंकविला से बात की तो उन्होंने अपने अलगाव से संबंधी सवालों के जवाब दिए। द स्काई इज पिंक में भी फरहान का किरदार अपनी पत्नी से अलगाव की समस्या से गुजरता है। जब उनके पूछा गया कि तलाक की बात बच्चों को बताना कितना मुश्किल था। फरहान अख्तर ने कहा, कुछ भी आसान नहीं था। जब आप अपने बच्चों को कुछ ऐसा बताने जाते हैं, जो सुनना उन्हें पसंद नहीं होता है, तो यह आसान नहीं होता है। अपने बच्चों के साथ ईमानदार रहें। वह मूर्ख नहीं हैं। वह हमसे आपसे बेहतर समझते हैं। वह जानते हैं कि उनके माता-पिता को कैसा महसूस हो रहा है। हो सकता है कि उन्हें तुरंत कोई चीज समझ में न आए। पर अगर आप उनके साथ ईमानदार रहेंगे तो वह भी आपके साथ भविष्य में ईमानदारी से पेश आएंगे।