Disha Patani ने सलमान ख़ान के साथ अपने किस सीन को लेकर कहा- जो डायरेक्टर कहे, वो करना पड़ता है
सलमान के साथ दिशा की यह दूसरी फ़िल्म है। इससे पहले दोनों भारत में साथ आये थे जो 2019 में रिलीज़ हुई थी। भारत में दिशा सर्कस में काम करने वाली ट्रेपेज़ी कलाकार के रोल में थीं। साथ ही सलमान के यंग अवतार की प्रेमिका भी थीं।
नई दिल्ली, जेएनएन। सलमान ख़ान की फ़िल्म राधे- योर मोस्ट वॉन्टेड भाई का ट्रेलर आने के बाद सलमान और दिशा पाटनी के बीच किस सीन की काफ़ी चर्चा हुई। सोशल मीडिया फैंस के रिएक्शंस से भर गया, जिन्होंने कहा कि सलमान ने पर्दे पर कभी किस ना करने का अपना कमिटमेंट तोड़ दिया, मगर राधे के किस सीन की जब असलियत सामने आयी तो सब चौंक गये।
दरअसल, सलमान ने दिशा को डायरेक्ट किस नहीं किया था। एक फैन ने इस सीन का स्क्रीन शॉट लेकर जब उसकी जांच की तो पता चला कि दिशा ने अपने मुंह पर डक्ट टेप लगाया हुआ था। यह सीन इस तरह फ़िल्माया गया है कि दृश्य में टेप नज़र नहीं आता। ज़ूम से बात करते हुए दिशा ने इस सीन के बारे में कहा- हम कलाकारों को अपने निर्देशक के विज़न को फॉलो करना पड़ता है। इसलिए रोल के मुताबिक़ काम करना पड़ता है। लेकिन, यह एक मज़ेदार अनुभव रहा, क्योंकि वो सेट पर हमेशा मज़ाक करते रहते हैं और कभी असहज महसूस नहीं करवाते।
बता दें, सलमान के साथ दिशा की यह दूसरी फ़िल्म है। इससे पहले दोनों भारत में साथ आये थे, जो 2019 में रिलीज़ हुई थी। भारत में दिशा सर्कस में काम करने वाली ट्रेपेज़ी कलाकार के रोल में थीं। साथ ही सलमान के यंग अवतार की प्रेमिका भी थीं। हालांकि, भारत में दिशा का रोल ज़्यादा लम्बा नहीं था। राधे- योर मोस्ट वॉन्टेड भाई में दिशा जैकी श्रॉफ की बहन बनी हैं, जो उनके रियल लाइफ़ बॉयफ्रेंड टाइगर श्रॉफ के पिता हैं।
दिशा ने बॉलीवुड फ़िल्मों में अपना करियर 2016 में आयी एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी से शुरू किया था, जिसमें वो सुशांत सिंह राजपूत के अपोज़िट थीं। सुशांत ने धोनी का किरदार निभाया था, जबकि दिशा उनकी प्रेमिका के रोल में थीं। दिशा का रोल ज़्यादा लम्बा नहीं था। 2020 में दिशा ने मलंग में फीमेल लीड रोल निभाया था। फ़िल्म में दिशा आदित्य रॉय कपूर के अपोज़िट थीं।