Pal Pal Dil Ke Paas: पोते करण के लिए भावुक धर्मेंद्र ने की गुज़ारिश, बोले- ऐसे मैसेज मैं कभी करता नहीं...
Pal Pal Dil Ke Paas पल पल दिल के पास 20 सितम्बर को रिलीज़ हो रही है। करण की डेब्यू फ़िल्म को पापा सनी देओल ने ही डायरेक्ट किया है। सहर बाम्बा भी डेब्यू कर रही हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। धर्मेंद्र के पोते करण देओल पल पल दिल के पास से बॉलीवुड में डेब्यू कर रहे हैं। आम तौर पर अपने बारे में बात ना करने वाले धर्मेंद्र अब करण की फ़िल्म को सोशल मीडिया में प्रमोट कर रहे हैं। धर्मेंद्र ने एक वीडियो संदेश के ज़रिए फैंस से फ़िल्म देखने की अपील की है।
धर्मेंद्र ने यह वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है। इसके साथ उन्होंने लिखा है- एक विनम्र दरख़्वास्त। वीडियो में धर्मेंद्र कहते हैं- ''ऐसे मैसेज मैं कभी करता नहीं। लेकिन कल रात मैंने अपनी फ़िल्म पल पल दिल के पास देखी तो रहा नहीं गया। सोचा कि मैसेज कर दूं। यह फ़िल्म नहीं एक हक़ीक़त लगी। यह आज की सोसाइटी की फ़िल्म है। आज के नौजवानों की कहानी है। मां-बाप को अपने बच्चों से कितना प्यार है। बच्चों को अपने मां-बाप से कितना प्यार है। पहाड़ों में ज़िंदगी कितनी ख़ूबसूरत है। कितना एंडवेंचरस है। और शहरों में क्या कुछ चल रहा है। सनी ने बड़े जी-जान से इसे पिक्चराइज़ किया है। दोस्तों मेरी दरख़्वास्त है, एक बार जाकर यह फ़िल्म थिएटर में देख लो। दूसरी बार आपको आपका दिल यक़ीनन ले जाएगा। यह मेरा वादा है आपसे।''
A humble request. Love you, jeete raho 👋 pic.twitter.com/13pbC9bKSJ— Dharmendra Deol (@aapkadharam) September 17, 2019
पल पल दिल के पास 20 सितम्बर को रिलीज़ हो रही है। करण की डेब्यू फ़िल्म को पापा सनी देओल ने ही डायरेक्ट किया है। सनी की यह तीसरी डायरेक्टोरियल फ़िल्म है। करण के साथ सहर बाम्बा भी बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। सहर शिमला की हैं, मगर ग्रेजुएशन मुंबई के जयहिंद कॉलेज से किया है। पल पल दिल के पास की शूटिंग हिमाचल प्रदेश में हुई है।
करण फ़िल्म में पर्वतारोही बने हैं, जो टूरिस्ट को एडवेंचर स्पोर्ट्स करवाता है। पल पल दिल के पास के साथ संजय दत्त की प्रस्थानम और सोनम कपूर की द ज़ोया फैक्टर भी रिलीज़ होंगी।