De De Pyaar De Box Office: अजय देवगन को ख़ूब मिला प्यार, 50 करोड़ 5 दिनों में पार
De De Pyaar De Box Office सोमवार के मुक़ाबले कमाई के आंकड़ों में ज़्यादा गिरावट नहीं आयी है। सोमवार को De De Pyaar De ने 6.19 करोड़ का कलेक्शन किया था।
मुंबई। De De Pyaar De Day 5 Box Office Collection अजय देवगन की रोमांटिक कॉमेडी फ़िल्म 'दे दे प्यार दे' ने रिलीज़ के 5 दिनों में 50 करोड़ का पहला अहम पड़ाव पार कर लिया है।
मंगलवार को दे दे प्यार दे ने सिनेमाघरों में 5 दिन का सफ़र पूरा किया और ₹6.10 करोड़ बॉक्स ऑफ़िस पर इकट्ठा किये, जिसे मिलाकर फ़िल्म का नेट कलेक्शन ₹50.83 करोड़ हो गया है। ग़ौरतलब है कि सोमवार के मुक़ाबले कमाई के आंकड़ों में ज़्यादा गिरावट नहीं आयी है। सोमवार को De De Pyaar De ने ₹6.19 करोड़ का कलेक्शन किया था। यह रफ़्तार कायम रही तो फ़िल्म पहले हफ़्ते में 60 करोड़ का आंकड़ा हर हाल में पार कर लेगी।
17 मई को देशभर में 3100 से अधिक स्क्रींस पर रिलीज़ हुई 'दे दे प्यार दे' को पहले दिन ₹10.41 करोड़ मिले थे, जिसे उम्मीद से कम बताया गया, मगर दूसरे दिन शनिवार को फ़िल्म के कलेक्शंस में जंप आया और ₹13.39 करोड़ की कमाई कर ली। रविवार को ₹14.74 करोड़ के कलेक्शन के साथ फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में ₹38.54 करोड़ का शानदार कलेक्शन कर लिया था।
'दे दे प्यार दे' को अकीव अली ने डायरेक्ट किया है। फ़िल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू और रकुलप्रीत मुख्य भूमिकाओं में हैं। 'दे दे प्यार दे' की कहानी एक 50 साल के बिज़नेसमैन और उसकी 24 साल की गर्लफ्रेंड की लव स्टोरी पर आधारित है। फ़िल्म में तब्बू अजय की एक्स वाइफ़ और रकुल गर्लफ्रेंड के रोल में हैं। फ़िल्म को समीक्षकों ने भी सपोर्ट किया है। तब्बू के साथ अजय की पिछली फ़िल्म गोलमाल अगेन है, जबकि रकुल के साथ वो पहली बार पेयर अप हुए हैं।
2019 में 'दे दे प्यार दे' अजय की दूसरी रिलीज़ है। इससे पहले फरवरी में उनकी कॉमेडी फ़िल्म 'टोटल धमाल' रिलीज़ हुई थी। हालांकि 'टोटल धमाल' के मुक़ाबले 'दे दे प्यार दे' की रफ़्तार धीमी है। 'टोटल धमाल' ने ₹16.50 करोड़ की ओपनिंग ली थी और ₹62.40 करोड़ का कलेक्शन ओपनिंग वीकेंड में किया था, वहीं ₹150 करोड़ से अधिक लाइफ़ टाइम कलेक्शन किया था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप