Coronavirus: न्यूयॉर्क से आए अनुपम खेर को अनिल कपूर के घर में नो एंट्री, मिस्टर इंडिया बोले- 'अभी आपको घर में नहीं आने दिया जाएगा'
Coronavirus कोरोना वायरस के डर की वजह से अब स्टार्स भी एक दूसरे के घर नहीं जा रहे हैं और दूर से ही एक दूसरे से बात कर रहे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड में कोरोना वायरस का डर बढ़ गया है और विदेश से आ रहे स्टार्स ने खुद को सेल्फ आइसोलेशन में रख लिया है। वहीं, कई स्टार्स ने यूं ही एहितायत बरतते हुए खुद को घर में पैक कर लिया है। इसी डर के बीच, ट्वविटर पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है, जिसमें अनुपम खेर और अनिल कपूर आपस में बात कर रहे हैं। हालांकि, दोनों एक दूसरे से काफी दूर हैं।
वीडियो में दिख रहा है कि अनिल कपूर, बॉलकनी में खड़े अनुपम खेर से बात कर रहे हैं। अनुपम खेर अभी अमेरिका से लौटे हैं, जिसके बाद वो घर में पैक हैं। ऐसे में अनिल कपूर भी उनके घर में जाकर बातें नहीं कर रहे हैं, जबकि बाहर से ही बातें कर रहे हैं। यह वीडियो काफी मजेदार है, क्योंकि इसमें अनिल कपूर के चिल्ला-चिल्लाकर बात करने की आवाज बना रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि अनुपम खेर भी अनिल कपूर का वीडियो बना रहे हैं।
Keeping up with traditions but from a distance!! #socialdistancing #staysafe@AnupamPKher pic.twitter.com/mqyX6vT9Io— Anil Kapoor (@AnilKapoor) March 21, 2020
इस वीडियो में दिख रहा है कि पहले अनिल कपूर की आवाज आती है और अनिल कपूर पूछते हैं, 'हां सर, अमेरिका से कब वापस आए। भारत में कैसा लग रहा है?' उसके बाद अनुपम खेर जवाब देते हैं, 'हम पड़ोसी हैं, लेकिन हम मिल नहीं सकते। गेट के बाहर आया और मुझे हैलो कर रहे हैं। मैं बालकनी से।' उसके बाद अनिल कपूर कहते हैं, 'क्या करें यार, सुनीता आने नहीं देगी तेरेको अंदर।'
अनिल की इस बात पर अनुपम खेर ने जवाब दिया, 'जरूरी है सर, एक जिम्मेदार नागरिक के नाते'। उसके बाद अनिल कपूर गाना गाते हैं- 'तेरे घर के सामने घर बनाउंगा।' बता दें कि अनुपम खेर कई दिन बाद न्यूयॉर्क से भारत लौटे हैं और उन्होंने सेल्फ आइसोलेशन में रहने का फैसला किया है। वहीं, सिंगर कनिका कपूर का भी लंदन से भारत आने के बाद कोरोना वायरस का टेस्ट पॉजिटिव आया है।