Chhichhore Box Office Collection Day 6: सुशांत-श्रद्धा की फ़िल्म ने मचाया धमाल, सिर्फ़ 6 दिनों में जमा किये इतने करोड़
Chhichhore Box Office Collection Day 6 छिछोरे बॉक्स ऑफ़िस पर पकड़ बनाए हुए है और अब ट्रेड को उम्मीद है कि छिछोरे 100 करोड़ के पड़ाव तक पहुंच सकती है।
नई दिल्ली, जेएनएन। Chhichhore Box Office Collection Day 6: बॉक्स ऑफ़िस पर छिछोरे का दमदार प्रदर्शन जारी है। वीक डेज़ में फ़िल्म मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। बुधवार को फ़िल्म ने शानदार कलेक्शन किया, जिसके चलते अब 6 दिनों में छिछोरे 60 करोड़ के पार पहुंच गयी है।
छिछोरे 6 सितम्बर को सिनेमाघरों में पहुंची थी। ख़ास बात यह है कि फ़िल्म को लेकर ज़्यादा बज़ नहीं था, मगर ट्रेड को उम्मीद थी कि छिछोरे अच्छा प्रदर्शन कर सकती है और ऐसा ही हुआ भी। फ़िल्म ने 7.32 करोड़ की ओपनिंग ली थी, मगर ओपनिंग वीकेंड में इसके कलेक्शंस बढ़ते रहे। शनिवार को फ़िल्म ने 12.25 करोड़ और रविवार को 16.41 करोड़ का कलेक्शन किया था। वहीं, सोमवार को फ़िल्म ने 8.10 करोड़ और मंगलवार को 10.05 करोड़ का बेहतरीन कलेक्शन किया। मंगलवार को मुहर्रम की छुट्टी का भी फ़िल्म को फ़ायदा मिला। बुधवार को छिछोरे ने 7.20 करोड़ का कलेक्शन किया, जो ओपनिंग डे कलेक्शन से ज़्यादा पीछे नहीं है।
प्रतिदिन कलेक्शंस की यह रफ़्तार बता रही है कि छिछोरे बॉक्स ऑफ़िस पर पकड़ बनाए हुए है और अब ट्रेड को उम्मीद है कि छिछोरे 100 करोड़ के पड़ाव तक पहुंच सकती है। साहो की चुनौती का कामयाबी से मुक़ाबला कर चुकी छिछोरे को अगले हफ़्ते आयुष्मान खुराना की ड्रीम गर्ल का सामना करना होगा।
#Chhichhore continues its winning streak... The super-strong hold on weekdays increases its chances of hitting ₹ 💯 cr... Fri 7.32 cr, Sat 12.25 cr, Sun 16.41 cr, Mon 8.10 cr, Tue 10.05 cr, Wed 7.20 cr. Total: ₹ 61.33 cr. #India biz. — taran adarsh (@taran_adarsh) September 12, 2019
दंगल जैसी ब्लॉकबस्टर फ़िल्म देने के बाद निर्देशक नितेश तिवारी छिछोरे लेकर आये। यह भी फ़िल्म के लिए उत्सुकता जगाने वाला फैक्टर था। वहीं, लगभग सभी समीक्षकों ने फ़िल्म को अच्छे नंबर दिये थे। छिछोरे की कामयाबी से सबसे ज़्यादा ख़ुश फ़िल्म की लीडिंग लेडी श्रद्धा कपूर होंगी, जिनकी साहो के बाद छिछोरे भी सफल रही है। छिछोरे कुछ दोस्तों के ग्रुप की कहानी है, जो कॉलेज छोड़ने के कई साल बाद एक-दूसरे के मिलते हैं, मगर इसके पीछे एक ख़ास मक़सद होता है। हालांकि तब तक इन सभी की ज़िंदगी बहुत बदल चुकी होती है।