Move to Jagran APP

श्रीदेवी को याद कर रो पड़े बोनी कपूर और जाह्नवी, देखें तस्वीरें

पोस्टर पर लिखा था- ‘एक अभिनेत्री, एक पत्नी, एक मां, एक रोल मॉडल जिसने भारतीय सिनेमा को एक नयी चमक दी उस आइकॉन की याद में’

By Hirendra JEdited By: Published: Tue, 14 Aug 2018 09:19 AM (IST)Updated: Wed, 15 Aug 2018 06:09 AM (IST)
श्रीदेवी को याद कर रो पड़े बोनी कपूर और जाह्नवी, देखें तस्वीरें
श्रीदेवी को याद कर रो पड़े बोनी कपूर और जाह्नवी, देखें तस्वीरें

मुंबई। 13 अगस्त को दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी के 55वें जन्मदिवस के मौके पर दिल्ली के फ़िल्म डिवीज़न ऑडिटोरियम में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। बोनी कपूर अपनी दोनों बेटियों जाह्नवी और ख़ुशी कपूर के साथ इस अवसर पर मौजूद रहे। तस्वीरों में आप देख सकते हैं पूरा परिवार इस मौके पर बेहद इमोशनल नज़र आया।

loksabha election banner

बता दें कि इस साल 24 फरवरी को श्रीदेवी ने दुनिया से अलविदा कहा। जैसा कि आप जानते हैं वो अपने भतीजे मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने के लिए दुबई गई थीं। शादी के फंक्शन खत्म होने के बाद उनका परिवार मुंबई लौट आया, लेकिन श्रीदेवी वहीं रुक गईं। 24 फरवरी की रात को 'दुर्भाग्यवश बाशटब में डूबने' से उनकी मौत हो गई।  28 फरवरी को श्रीदेवी का अंतिम संस्कार मुंबई में किया गया। बला की खूबसूरत और प्रतिभाशाली श्रीदेवी अपने अभिनय से भारतीय सिनेमा के आकाश पर एक ऐसी छटा बिखेर गयी हैं जिनकी रौशनी शायद ही कभी धुंधली पड़ सकेगी। श्रीदेवी को देश की पहली सुपरस्टार अभिनेत्री का दर्ज़ा हासिल है। ज़ाहिर है इसकी कई वजहें भी हैं। जैसे उन्होंने एक के बाद एक कई हिट्स दिए। हिंदी ही नहीं दक्षिण भारतीय फ़िल्मों में भी उन्होंने शानदार कीर्तिमान बनाये। उनकी फ़िल्में अकेले उनके दम पर टिकट खिड़की पर छाई रहती! बहरहाल, उनके जन्मदिन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बोनी कपूर अपने आंसू नहीं रोक सके। बोनी कपूर ने कहा कि वो हर लम्हा श्रीदेवी को मिस करते हैं। अब उनकी यादें ही उनकी लाइफलाइन है। ज़ाहिर है यह उनके लिए एक बेहद ही इमोशनल मूमेंट था। उनके दर्द को कोई और शायद ही समझ सकता है!

यह भी पढ़ें: बॉलीवुड के पहले सुपरकूल स्टार थे शम्मी कपूर, पढ़ें उनके ये 5 रोचक किस्से

साल 1997 में आई फ़िल्म ‘जुदाई’ के बाद उन्होंने बड़े पर्दे से लम्बा ब्रेक ले लिया। वो अपने दोनों बेटियों जाह्नवी कपूर और ख़ुशी कपूर की परवरिश में लग गयीं। कई साल बाद 2012 में ‘इंग्लिश विंग्लिश’ से उन्होंने बड़े पर्दे पर वापसी की। पिछले साल आई ‘मॉम’ से उन्होंने कामयाबी की एक नयी पटकथा लिखी। उनकी जयंती के मौके पर बेटी जाह्नवी कपूर भी बेहद इमोशनल नज़र आईं। हाल ही अपनी डेब्यू फ़िल्म ‘धड़क’ के रिलीज़ के दौरान भी जाह्नवी हर इंटरव्यू में अपनी मॉम को याद करती दिखीं।

श्रीदेवी अगर आज हमारे बीच होतीं तो अपना 55 वां बर्थडे मना रही होतीं। सोमवार को दिन भर सोशल मीडिया पर आम से लेकर ख़ास लोग तक उन्हें याद करते रहे। सबने अपने-अपने तरह से उन्हें जन्मदिन पर याद किया। जाह्नवी ने सबसे पहले उनके साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें याद किया, बाद में अनिल कपूर ने भी श्रीदेवी को लेकर पोस्ट शेयर किये। श्रीदेवी की याद में आयोजित कार्यक्रम में उनकी छोटी बेटी ख़ुशी कुछ इस अंदाज़ में दिखीं।

इस मौके पर बोनी कपूर के बेहद करीबी दोस्त अमर सिंह समेत और भी कई परिजन शामिल रहे। सबने भारी मन से श्रीदेवी को याद किया। श्रीदेवी की याद में जो पोस्टर बना था उस पर लिखा था कि- ‘एक अभिनेत्री, एक पत्नी, एक मां, एक रोल मॉडल जिसने भारतीय सिनेमा को एक नयी चमक दी उस आइकॉन की याद में’। इसमें कोई संदेह नहीं कि पोस्टर पर लिखी यह इबारत श्रीदेवी को पूर्ण रूप से परिभाषित करती है।

यह भी पढ़ें: आईएफएफएम मेलबॉर्न अवॉर्ड्स में रही ‘संजू’ की धूम, रानी मुखर्जी बनीं बेस्ट एक्ट्रेस, देखें तस्वीरें

हाल ही में श्रीदेवी को उनकी आखिरी फ़िल्म ‘मॉम’ के लिए बेस्ट अभिनेत्री का नेशनल अवॉर्ड मिला था। यह उनकी 300 वीं फ़िल्म भी थी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.