लॉकडाउन के बीच कटरीना कैफ घरेलू हिंसा की पीड़ितों की मदद के लिए आईं आगे, किया ये पोस्ट
कटरीना कैफ जल्द ही फिल्म सूर्यवंशी में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में वह लंबे समय बाद एक बार फिर से एक्टर अक्षय कुमार के साथ नजर आएंगी।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस लॉकडाउन पूरे देश में लागू है। लॉकडाउन की वजह से आज सभी अपने घरों में कैद हैं। कोरोना वायरस के केस कम होने के बजाय हर दिन बढ़ते ही जा रहे हैं। इसी की वजह से लॉकडाउन को भी लगातार बढ़ाया जा रहा है। लॉकडाउन के बीच एक और बड़ी समस्या देखने को मिल रही है और वो है घरेलू हिंसा। लॉकडाउन के बीच लगातार घरेलू हिंसा की खबरें भी सामने आ रही हैं। इसी बीच कटरीना ने घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए हैं एक पोस्ट शेयर किया है।
एक्ट्रेस कटरीना ने घरेलू हिंसा पीड़ितों के लिए काम कर रही संस्था स्नेहा की सहायता करने का फैसला किया है। आपको बता दें कि स्नेहा एनजीओ मुंबई में पिछले 20 साल से काम कर रहा है। देश में लॉकडाउन बढ़ने के साथ ही साथ घरेलू हिंसा के मामलों में काफी बढ़ोतरी हुई है जिसके चलते इस संस्था को फंड और संसाधनों की कमी से जूझना पड़ रहा है। यही कारण है कि कटरीना ने इस संस्था की मदद के लिए ये कैंपेन शुरु किया है।
इस कैंपेन के तहत आपको एनजीओ स्नेहा के ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज से एक नाम चुन कर उसे अपनी फोटो के साथ शेयर करना है। इसके बाद ही आप इसमें दिए गए लिंक पर डोनेशन दे सकते हैं। कटरीना ने अपनी फोटो के साथ उस पर फातिमा नाम लिखकर पोस्ट किया है। कटरीना फोटो में रेड कलर की टीशर्ट में नजर आ रही हैं।
बता दें कि कटरीना कैफ अकेली ही कैंपेन का हिस्सा नहीं बनी हैंं। कटरीना के अलावा एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर, आलिया भट्ट और तब्बू जैसे स्टार्स को भी नॉमिनेट किया जा चुका है।
कटरीना कैफ के वर्क फ्रंट की बात करें तो जल्द ही फिल्म 'सूर्यवंशी' में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में वह लंबे समय बाद एक बार फिर से एक्टर अक्षय कुमार के साथ नजर आएंगी। इस फिल्म के साथ ही कटरीना पहली बार रोहित शेट्टी के साथ काम करने जा रही है।