Sandeep Nahar की मौत से शॉक्ड अनुपम खेर और भूमिका चावला, बोले- 'दुर्भाग्य है कि डिप्रेशन और सुसाइड आम हो गया है'
वंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के साथ ‘एम.एस.धोनी’ में काम करने वाले अभिनेता संदीप नाहर ने हाल ही में आत्महत्या कर ली। संदीप का शव उनके मुंबई वाले घर से बरामद किया गया था। फिलहाल पुलिस इस केस की जांच कर रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के साथ ‘एम.एस.धोनी’ में काम करने वाले अभिनेता संदीप नाहर ने हाल ही में आत्महत्या कर ली। संदीप का शव उनके मुंबई वाले घर से बरामद किया गया था। फिलहाल पुलिस इस केस की जांच कर रही है। संदीप ने भले ही इंडस्ट्री में ज्यादा पहचान न बनाई हो, लेकिन उनकी मौत से हर कोई हैरान है। ‘एम.एस.धोनी’ में संदीप के साथ नज़र आने वाले अभिनेता अनुपम खेर और भूमिका चावला ने भी एक्टर की मौत पर दुख ज़ाहिर किया है।
टाइम्स ऑफ इंडिया से बतचीत में अनुपम ने बताया कि वो ये खबर पढ़कर शॉक्ड रह गए थे। एक्टर ने कहा, ‘मुझे कल रात तक इस खबर के बारे में नहीं पता था। मैंने इसके बारे में आज ही पढ़ा और पढ़ते ही मेरे ज़हन में एम.एस धोनी की यादें ताज़ा हो गईं। संदीप बहुत खुशमिजाज़ इंसान था। मैं उससे फिल्म की शूटिंग के दौरान ही मिला था। फिल्म में मेरे साथ उसके कुछ तीन-चार सीन ही होंगे। उसके बाकी लोगों के साथ ज्यादा सीन थे। लेकिन इस बारे में कोई शक नहीं है कि वो एक अच्छा अभिनेता था’।
बॉलीवुड एक्ट्रेस भूमिका चावला ने भी संदीप की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने भी कहा कि जब उन्हें संदीप की आत्महत्या के बारे में पता चला तो वौ हैरान रह गईं। एक्ट्रेस ने कहा, ‘डिप्रेशन और सुसाइड अब आम होते जा रहे हैं ये बहुत दुर्भाग्य की बात है’। बॉलीवुड एक्टर रणवीर शोरी ने भी संदीप की ख़बर पर ट्वीट किया- पर्दे के पीछे का दबाव, ना तो बालकनी और ना ही स्टाल से नज़र आता है। ओम शांति। ईश्वर आत्मा को शांति दे'।
आपको बता दें कि संदीप साल 2016 में सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म ‘एम एस धोनी’ में नज़र आए थे। इस फिल्म में उन्होंने सुशांत के दोस्त का किरदार निभाया था। साल 2019 में संदीप, अक्षय कुमार की फिल्म ‘केसरी’ में दिखे। संदीप ने इस फिल्म में ‘भुट्टा सिंह’ का किरदार निभाया था। इसके अलावा एक्टर ने साल 2019 में ही रिलीज़ हुई सोनाक्षी सिन्हा और बादशाह की फिल्म ‘खानदानी शिफाखाना’ में भी काम किया। संदीप ‘ऑल्ट बालाजी’ के ड्रामा ‘कहने को हमसफर’ में भी काम किया।