जब हाथों में पट्टी बांधकर ऋषि कपूर की बारात में पहुंचे थे अमिताभ बच्चन, खुद बताई पूरी कहानी
ऋषि कपूर के जाने का सदमा अमिताभ बच्चन को काफी गहरा लगा है। वह लगातार ऋषि कपूर को याद करते हुए पोस्ट कर रहे हैं। इसी बीच उन्होंने ऋषि कपूर की शादी से जुड़ी यादें और शेयर तस्वीर शेयर
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड एक्टर ऋषि कपूर का हाल ही में 30 अप्रेल को निधन हुआ है। बीते दो सालों से वह कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। उनके अचानक निधन की खबर से उनकी पूरी फैमिली और फैंस सदमे में हैं। किसी को अभी तक यकीन नहीं हो पा रहा है कि सबके चहते ऋषि कपूर अब इस दुनिया में नहीं रहे। ऋषि कपूर के निधन के बाद उनसे जुड़े कई पुराने किस्से, तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। वहीं कई स्टार्स उनसे जुड़े अपने किस्सों को भी शेयर कर रहे हैं।
उनके जाने का सदमा बॉलीवुड एक्टर अमिताभ बच्चन को काफी गहरा लगा है। वह लगातार ऋषि कपूर को याद करते हुए कोई न कोई पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। इसी बीच उन्होंने ऋषि कपूर और नीतू सिंह की शादी से जुड़ी कुछ खास यादें शेयर करते हुए तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर के साथ ही आप इस बात का अंदाजा लगा सकते हैं कि दोनों के बीच कितनी गहरी दोस्ती थी।
अमिताभ बच्चन ने हाल ही में एक ब्लॉग लिखा। इस ब्लॉग में उन्होंने ऋषि कपूर की शादी से जुड़ी कुछ बातें शेयर की। जिसमें उन्होंने बताया कि ऋषि कपूर की ‘बारात’ में वह हाथों में पट्टी बांधकर शामिल हुए थे। उन्होंने बताया कि वह चेन्नई में किसी फिल्म की शूटिंग कर रहे थे, शूटिंग के दौरान हुए एक हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। क्योंकि ऋषि कपूर उनके खास दोस्त थे इसलिए उन्होंने अपनी चोट की परवाह किए बिना ही उनकी शादी में शामिल हुए। वह हाथों में पट्टी बांधकर ऋषि कपूर और नीतू कपूर की शादी में पहुंच गए थे।
अमिताभ बच्चने अपने ब्लॉग में आगे बताया कि वह एक गाने की शूटिंग कर रहे थे। इस गाने में उन्हें रस्सी के सहारे स्लाइड करते हुए नीचे आना था। लेकिन तभी रस्सी से उनका हाथ छूट गया और वह नीचे गिर गए। इसी वजह से उनके हाथ में गंभीर चोट आ गई थी। इसके बाद डॉक्टर ने उनके हाथ में प्लास्टर चढ़ा दिया। अमिताभ बच्चन के मुताबिक, वह इस बात को लेकर डर गए थे कि उनकी चोट कहीं ज्यादा गंभीर ना हो।
इसके बाद शूटिंग को रोक दिया गया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका ट्रीटमेंट हुआ और उनके हाथ में टांके भी लगे। इन्हीं दिनों नीतू कपूर और ऋषि कपूर की शादी होने वाली थी। जिसमें शामिल होने के लिए अमिताभ बच्चन चेन्नई से मुंबई रवाना हो गए और यहां उन्होंने हाथ पर पट्टी बांधकर ही दोनों की शादी अटेंड की। बिग बी ने अपने ब्लॉग में अपने चोटिल हाथों की तस्वीर भी शेयर की। एक तस्वीर में उनके साथ शम्मी कपूर भी नजर आ रहे हैं।