Bigg Boss 7 के चर्चित कंटेस्टेंट अरमान कोहली के छोटे भाई रजनीश का निधन, फ़िल्मी चकाचौंध से थे दूर
अरमान और रजनीश के पिता राजकुमार कोहली मसाला फ़िल्में बनाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने नागिन जानी दुश्मन राज तिलक बदले की आग जीने नहीं दूंगा इंसानियत के दुश्मन जैसी फ़िल्मों का निर्माण-निर्देशन किया है। धर्मेंद्र के साथ कई फ़िल्में बनायीं।
नई दिल्ली, जेएनएन। बिग बॉस 7 के चर्चित कंटेस्टेंट और एक्टर अरमान कोहली के छोटे भाई रजनीश का निधन बुधवार को हो गया। रजनीश की उम्र 44 साल बतायी जाती है। रजनीश हिंदी सिनेमा के जाने-माने निर्माता-निर्देशक राजकुमार कोहली के छोटे बेटे थे। रजनीश के निधन की कोई वजह तो सामने नहीं आयी है, मगर बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण उनका निधन हुआ।
बॉलीवुड फोटोग्राफर वीरल भयानी की पोस्ट के अनुसार, रजनीश व्हील चेयर पर ही रहते थे और कभी मीडिया के सामने नहीं आये। राजकुमार कोहली मसाला फ़िल्में बनाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने नागिन, जानी दुश्मन, राज तिलक, बदले की आग, जीने नहीं दूंगा, इंसानियत के दुश्मन जैसी फ़िल्मों का निर्माण-निर्देशन किया है। टाइम्स ऑफ़ इंडिया के अनुसार, रजनीश का ज़्यादा सेलेब्रिटीज़ से परिचय नहीं था। धर्मेंद्र, मीका सिंह और सुनील शेट्टी समेत कुछ लोग ही उनके परिचित थे।
वहीं, अरमान कोहली की बात करें तो वो बिग बॉस 7 में अपने गर्म-मिज़ाज के लिए काफ़ी चर्चा में रहे थे। शो में काजोल की बहन तनीषा के साथ उनका प्रेम प्रसंग चर्चा में रहा था। अरमान ने 1992 में आयी फ़िल्म विरोधी से बतौर लीड एक्टर डेब्यू किया था। 90 के दौर में अरमान ने कई फ़िल्में कीं, मगर बतौर हीरो उन्हें अधिक सफलता नहीं मिली। 2015 में आयी सलमान ख़ान की फ़िल्म प्रेम रतन धन पायो में अरमान ने चिराग सिंह का किरदार निभाया था।
अरमान के बारे में बताया जाता है कि दीवाना में वो दिव्या भारती के अपोज़िट थे, मगर पहला शेड्यूल ख़त्म करके फ़िल्म छोड़ दी। उनकी जगह शाह रुख़ ख़ान को लिया गया था। दीवाना ब्लॉकबस्टर साबित हुई। बाज़ीगर में उन्हें अरमान को लीड रोल के लिए चुना गया था, मगर उन्होंने फ़िल्म नहीं की। दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगे में अरमान को परमीत सेठी वाले किरदार के लिए चुना गया था, मगर अरमान ने वो फ़िल्म भी नहीं।