Box Office: 2.0 के सामने Aquaman की चुनौती आज से, चीन में 3 दिनों में कमाए 600 करोड़
एक्वामैन को उत्तर भारत में वितरित करने के अधिकार इनबॉक्स पिक्चर्स ने हासिल किये हैं। कंपनी इससे पहले नानू की जानू और फ्रायडे जैसी फ़िल्मों का निर्माण कर चुकी है।
मुंबई। 14 दिसम्बर को बॉक्स ऑफ़िस पर हॉलीवुड फ़िल्म Aquaman रिलीज़ हो रही है। इस हफ़्ते कोई बड़ी हिंदी फ़िल्म रिलीज़ नहीं होगी। ऐसे में 'एक्वामैन' का सीधा मुक़ाबला अक्षय कुमार और रजनीकांत की 2.0 और सुशांत सिंह राजपूत और सारा अली ख़ान की 'केदारनाथ' से होगा। यह दोनों ही फ़िल्में बॉक्स ऑफ़िस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं।
अक्षय-रजनीकांत की 2.0, 29 नवंबर को रिलीज़ हुई थी और इसका हिंदी वर्ज़न 10 दिसम्बर तक 170 करोड़ से अधिक जमा कर चुका है। वहीं, 7 दिसम्बर को रिलीज़ हुई केदारनाथ 10 दिसम्बर तक 32 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है। 7 दिसम्बर को हॉलीवुड फ़िल्म 'मोर्टल इंजिंस' रिलीज़ हुई थी, जिसको देश में ज़्यादा दर्शक नहीं मिले। मगर इस बार चुनौती कड़ी है। 'एक्वामैन' को लेकर दुनियाभर में उत्सुकता है। 'एक्वामैन' चीन में 7 दिसम्बर को रिलीज़ हो चुकी है और फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में ही 93.6 मिलियन डॉलर (लगभग ₹667 करोड़) का कलेक्शन किया है। फ़िल्म ने सिर्फ़ आईमैक्स फॉर्मेट से 9.7 मिलियन डॉलर जमा किये हैं। ऐसे में एक्वामैन की चुनौती बॉलीवुड फ़िल्मों पर भारी पड़ सकती है।
फ़िल्म भारतीय बाज़ार में 13 दिसम्बर को पेड प्रीव्यूज़ के साथ रिलीज़ कर दी गयी है। यहां फ़िल्म अंग्रेजी के अलावा हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में 3 डी, आईमैक्स और 2 डी फॉर्मेट्स में रिलीज़ की गयी है। ट्रेड विश्लेषकों का अनुमान है कि फ़िल्म भारत में 75 करोड़ से अधिक व्यापार कर सकती है। यह साल हॉलीवुड फ़िल्मों के लिए बेहतरीन रहा है। एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर, ब्लैक पैंथर जैसी फ़िल्मों ने शानदार कारोबार किया है।
एक्वामैन अंडर वॉटर सुपर हीरो की कहानी है। एक्वामैन को आप इससे पहले एवेंजर्स सीरीज़ की फ़िल्म 'जस्टिल लीग' में देख चुके हैं, मगर 'एक्वामैन' में इस सुपर हीरो की पूरी कहानी दिखायी जाएगी। फ़िल्म को जेम्स वॉन ने डायरेक्ट किया है और जेसन मोमोआ लीड रोल में हैं, जबकि एम्बर हर्ड फ़ीमेल लीड में नज़र आएंगी।
निर्देशक जेम्स वॉन की नई पेशकश एक्वामैन का नया ट्रेलर | आपके नज़दीकी सिनेमाघरों में फिल्म रिलीज़ होगी दिसंबर 14 से| pic.twitter.com/KrYFY8ElC8— Warner Bros. India (@warnerbrosindia) November 25, 2018
'एक्वामैन' जलपरी की ख़ूबियों वाला महामानव है। यूएसए में फ़िल्म 21 दिसम्बर को आ रही है। 'एक्वामैन' को उत्तर भारत में वितरित करने के अधिकार इनबॉक्स पिक्चर्स ने हासिल किये हैं। कंपनी इससे पहले 'नानू की जानू' और 'फ्रायडे' जैसी फ़िल्मों का निर्माण कर चुकी है।
दिसम्बर के तीसरे हफ़्ते में क्रिसमस के मौक़े पर 21 तारीख़ को शाह रुख़ ख़ान की बहुप्रीतिक्षित फ़िल्म 'ज़ीरो' रिलीज़ होगी, जिसे आनंद एल राय ने डायरेक्ट किया है। शाह रुख़ की यह अब तक की सबसे प्रयोगात्मक फ़िल्म है। शाह रुख़ फ़िल्म में एक बौने के किरदार में हैं। अनुष्का शर्मा फ़ीमेल लीड रोल में हैं, जबकि कटरीना कैफ़ ने सहायक भूमिका निभायी है। 'ज़ीरो' के साथ पहले हॉलीवुड साइंस फ़िक्शन फ़िल्म 'एलिटा' रिलीज़ होने वाली थी, मगर अब वो 2019 की फरवरी में रिलीज़ होगी। इस फ़िल्म को रॉबर्ट रॉड्रिग्ज़ ने डायरेक्ट किया है, जबकि 'अवतार' जैसी कालजयी फ़िल्म बनाने वाले जेम्स कैमरून इस फ़िल्म से बतौर प्रोड्यूसर जुड़े हुए हैं।
'ज़ीरो' के लिए हॉलीवुड से आ रहा ख़तरा तो टल गया, मगर हफ़्तेभर बाद ज़ीरो के सामने 'सिम्बा' की चुनौती होगी, जो 28 दिसम्बर को रिलीज़ हो रही है। रोहित शेट्टी निर्देशित इस फ़िल्म में रणवीर सिंह और सारा अली ख़ान लीड रोल्स में हैं। रणवीर की रोहित के साथ और सारा की रणवीर के साथ पहली फ़िल्म है। 'सिम्बा' में रणवीर पहली बार पुलिस यूनिफॉर्म पहन रहे हैं। इस एक्शन फ़िल्म को लेकर भी काफ़ी हाइप है। ऐसे में इन दोनों फ़िल्मों के बीच स्क्रींस की संख्या को लेकर कॉम्पटीशन की सम्भावना जताई जा रही है।
क्रिसमस के मौक़े पर रिलीज़ हुई फ़िल्मों का ऐसा रहा है बॉक्स ऑफ़िस रिज़ल्ट-
- 28 दिसम्बर 2017 को रिलीज़ हुई 'टाइगर ज़िंदा है' ₹339.16 करोड़ जमा करके हिट रही थी।
- 23 दिसम्बर 2016 को आमिर ख़ान की 'दंगल' आयी थी, जिसने ₹387.19 करोड़ का कलेक्शन किया था और सुपर हिट रही थी।
- 18 दिसम्बर 2015 को 'दिलवाले' और 'बाजीराव मस्तानी' रिलीज़ हुई थीं। 'दिलवाले' को ₹148 मिले थे, जबकि 'बाजीराव मस्तानी' ने ₹184 करोड़ जमा किये थे।
- 19 दिसम्बर 2014 को आमिर ख़ान की 'पीके' आयी थी, जिसने ₹339.50 करोड़ का कलेक्शन किया था। फ़िल्म सुपरहिट रही थी। जबकि 26 दिसम्बर को आयी 'उंगली' ₹5.6 करोड़ का कलेक्शन करके फ्लॉप रही थी।
- 20 दिसम्बर 2013 को आमिर ख़ान की 'धूम 3' आयी थी, जिसने ₹280.25 करोड़ का कलेक्शन किया था और हिट रही थी।