Bala Box Office Collection Day 14: बस एक क़दम और...100 करोड़ क्लब में हो जाएगी 'बाला' की एंट्री
Bala Box Office Collection Day 14 बाला 100 करोड़ में जाने वाली इस साल की 15वीं फ़िल्म होगी जबकि आयुष्मान की दूसरी। इससे पहले उनकी ड्रीम गर्ल इस क्लब में जगह बना चुकी है।
नई दिल्ली, जेएनएन। आयुष्मान खुराना की फ़िल्म बाला ने सिनेमाघरों में दो हफ़्तों का सफ़र पूरा कर लिया है और अब 100 करोड़ की दहलीज़ पर खड़ी है। उम्मीद है कि आज, शुक्रवार को फ़िल्म इस पड़ाव को पार कर लेगी।
गुरुवार (21 नवंबर) को बाला के दो हफ़्ते पूरे हुए। फ़िल्म ने 1.80 करोड़ का कलेक्शन किया और 14 दिनों में अब 98.80 करोड़ पर पहुंच गयी है। दूसरे हफ़्ते में बाला के कलेक्शंस ठीकठाक रहे। दूसरे शुक्रवार को फ़िल्म ने 3.76 करोड़, शनिवार को 6.73 करोड़, रविवार को 8.01 करोड़, सोमवार को 2.25 करोड़, मंगलवार को 2.05 करोड़ और बुधवार को 1.96 करोड़ जमा किये थे। दूसरे हफ़्ते में बाला ने 26.56 करोड़ का कलेक्शन किया है। फ़िल्म को 100 करोड़ तक पहुंचने के लिए अब बस 1.20 करोड़ ही चाहिए, जो आज मिल जाएगा। इसके साथ ही 100 करोड़ क्लब में आयुष्मान की 3 फ़िल्में हो जाएंगी।
#Bala shows strong trending in Week 2... Will cross ₹ 100 cr today [third Fri]... [Week 2] Fri 3.76 cr, Sat 6.73 cr, Sun 8.01 cr, Mon 2.25 cr, Tue 2.05 cr, Wed 1.96 cr, Thu 1.80 cr. Total: ₹ 98.80 cr. #India biz.— taran adarsh (@taran_adarsh) November 22, 2019
8 नवंबर को रिलीज़ हुई बाला ने पहले हफ़्ते में 72.24 करोड़ जमा किये थे। फ़िल्म ने 10.15 करोड़ की ओपनिंग ली थी और ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म ने 43.95 करोड़ का बेहतरीन कलेक्शन किया था। बाला 100 करोड़ में जाने वाली इस साल की 15वीं फ़िल्म होगी, जबकि आयुष्मान की दूसरी। इससे पहले उनकी ड्रीम गर्ल इस क्लब में जगह बना चुकी है। आयुष्मान के करियर की यह लगातार सातवीं हिट फ़िल्म पहले ही बन चुकी है।
बाला को अमर कौशिक ने निर्देशित किया है। फ़िल्म में भूमि पेडनेकर और यामी गौतम ने फीमेल लीड रोल निभाये हैं। इन दोनों की अभिनेत्रियों के साथ आयुष्मान ने दूसरी बार काम किया है। यामी ने आयु्ष्मान के साथ विक्की डोनर से डेब्यू किया था, वहीं भूमि ने दम लगाके हइशा से आयुष्मान के साथ डेब्यू किया था।