Arshad Warsi On Sanjay Dutt: अपने 'मुन्नाभाई' पर 'सर्किट' को पूरा भरोसा, जानिए क्या बोले अरशद वारसी
Arshad Warsi On Sanjay Dutt संजय और अरशद ने मुन्नाभाई सीरीज़ की फ़िल्मों के अलावा धमाल जैसी फ्रेंचाइजी में भी काम किया है। दोनों कॉमेडी फ़िल्म ब्लॉकबस्टर में साथ आने वाले थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। संजय दत्त की ज़िंदगी काफ़ी उतार-चढ़ाव वाली रही है। उन्होंने कम उम्र से ही मुश्किल वक़्त देखा है और उससे जूझे भी हैं। संजय की फाइटिंग स्प्रिट के उन्हें जानने वाले भी कायल हैं। एक बार फिर संजय दत्त के सामने चुनौती आ गयी है, मगर उनके करीबियों का मानना है कि वो इससे भी जीतकर आएंगे।
संजय के साथ मुन्नाभाई एमबीबीएस और लगे रहो जैसी कामयाब फ़िल्में देने वाले अरशद वारसी को पूरा यकीन है कि संजय एक फाइटर की तरह जीतेंगे। मिड-डे से बातचीत में अरशद ने कहा- मैं ऐसे किसी व्यक्ति को नहीं जानता, जिसने इतनी बड़ी मुश्किलों का सामना किया हो और जीता हो। चाहे जो परिस्थितियां हों, वो बहुत सकारात्मत रहते हैं। मैंने कभी उन्हें अपने हालात को लेकर शिकायत करते हुए नहीं देखा। वो इससे भी जीतकर निकलेंगे। वो एक योद्धा हैं।
संजय और अरशद ने मुन्नाभाई सीरीज़ की फ़िल्मों के अलावा धमाल जैसी फ्रेंचाइजी में भी साथ काम किया है। अगले महीने दोनों कॉमेडी फ़िल्म ब्लॉकबस्टर में साथ काम करने वाले थे। इस बारे में अरशद ने कहा कि फ़िल्में आती और जाती हैं, लेकिन उनके जैसे लोग दुर्लभ हैं। मैं प्रार्थना करता हूं वो ठीक हो जाए।
बता दें कि संजय दत्त को पिछले वीकेंड पर लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उन्हें सांस की तकलीफ़ हुई थी। संजय ने ट्वीट करके बताया था कि वो मेडिकल ऑब्ज़र्वेशन के लिए अस्पताल में हैं और एक-दो दिन में डिस्चार्ज हो जाएंगे। सोमवार को संजय अस्पताल से डिस्चार्च हो गये, मगर अगले ही दिन उन्होंने ट्विटर पर शॉर्ट ब्रेक लेने का एलान करके चौंका दिया था।
पत्नी मान्यता दुबई से मुंबई लौट आयी हैं। उन्होंने स्टेटमेंट जारी करके सभी शुभचिंतकों का शुक्रिया अदा किया और संजू के लिए प्यार और दुआएं मांगी। साथ ही फैंस से गुज़ारिश भी की कि किसी तरह की कयासबाज़ी ना करें और अनचाही अफ़वाहों का शिकार ना बनें। बस अपना प्यार और सपोर्ट बनाये रखें। संजू फाइटर रहे हैं और हमारा परिवार भी। ईश्वर फिर चुनौतियां देकर हमारी परीक्षा ले रहा है। (Photo- Mid-Day)