Panipat Tax Free: रिलीज के एक महीने बाद महाराष्ट्र में टैक्स फ्री हुई पानीपत, लोग बोले- अब चिड़िया चुग गई खेत
Panipat Tax Free फिल्म पानीपत के रिलीज के करीब एक महीने बाद महाराष्ट्र सरकार ने फिल्म को राज्य में टैक्स फ्री कर दिया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। मल्टीस्टारर फिल्म 'पानीपत' को रिलीज हुए 1 महीने से भी ज्यादा हो गया है और अब महाराष्ट्र सरकार ने फिल्म को टैक्स फ्री करने का फैसला किया है। 6 दिसंबर को रिलीज हुई फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी कुछ खास कमाल दिखाने में कामयाब नहीं रही और शुरू के दो हफ्तों में ही फिल्म का कलेक्शन पूरी तरह कम हो गया था।
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि फिल्म अब महाराष्ट्र में टैक्स फ्री हो गई है। हालांकि, महाराष्ट्र सरकार की ओर से इतने दिन बाद फिल्म को टैक्स फ्री करना थोड़ा हैरान कर देने वाला है। सोशल मीडिया पर भी इस फैसले पर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं, जिसमें लोगों को कहना है कि सरकार ने यह फैसला करने में देरी कर दी है। हालांकि, फिल्म के कई सिनेमाघरों में शो चल रहे हैं।
अगर फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने चार हफ्तों में 33.87 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है और पहले हफ्ते के बाद ही फिल्म का कलेक्शन कम होने लग गया था और लगातार कम होता गया। अगर वर्ल्ड वाइड कलेक्शन भी जोड़ दें तो फिल्म ने अभी तक सिर्फ 48.8 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है।
#News: #Panipat is now tax-free in #Maharashtra. pic.twitter.com/Pu7vqNU26V— taran adarsh (@taran_adarsh) January 9, 2020
बता दें कि फिल्म में अर्जुन कूपर, संजय दत्त, कृति सेनन जैसे कई सेलेब्स ने काम किया था, लेकिन लोगों ने फिल्म को पसंद नहीं किया। पानीपत को आशुतोष गोवारिकर ने डायरेक्ट किया है, जो ऐतिहासिक विषयों पर आधारित फ़िल्में बनाते रहे हैं। आशुतोष ने ट्वीट कर महाराष्ट्र सरकार का शुक्रिया भी अदा किया है।
Heartfelt Gratitude!!
Thank you Hon'ble CM @OfficeofUT ji 🙏 for imparting TAX FREE status in our attempt of bringing the Maratha Glory to the screen through #Panipat !
@duttsanjay @arjunk26 @kritisanon #SunitaGowariker @RohitShelatkar @Shibasishsarkar pic.twitter.com/H374bAgrtk— Ashutosh Gowariker (@AshGowariker) January 9, 2020
मराठाओं और अफ़गानों के बीच हुए पानीपत के तीसरे युद्ध की इस कहानी में अर्जुन कपूर ने मराठा वॉरियर सदाशिव राव भाऊ का किरदार निभाया, जबकि संजय दत्त अफ़गान के सुल्तान अहमद शाह अब्दाली के रोल में दिखाई दिए।
ख़ास बात यह है कि पानीपत को सबसे अधिक दर्शक मुंबई क्षेत्र से ही मिले हैं। फिल्म का हरियाणा, राजस्थान में काफी विरोध भी हुआ और उसके बाद फिल्म से कुछ सीन भी हटाए गए।