Navjot Singh Sidhu के इस्तीफे के बाद ट्रोल हुईं अर्चना पूरण सिंह ने अब दिया रिएक्शन, 'मुझ पर बनाए हुए मीम्स...'
पंजाब की राजनीति के लिए मंगलवार 28 सितंबर का दिन काफी चर्चा में रहा। यहां पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद से नवजोत सिंह सिद्धू ने इस्तीफा दे दिया। इसके बाद से राज्य में राजनीति सरगर्मी तेज हो गई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। पंजाब की राजनीति के लिए मंगलवार 28 सितंबर का दिन काफी चर्चा में रहा। यहां पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद से नवजोत सिंह सिद्धू ने इस्तीफा दे दिया। इसके बाद से राज्य में राजनीति सरगर्मी तेज हो गई है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें और इन दिनों द कपिल शर्मा शो की होस्ट अर्चना पूरन सिंह को लेकर मीम्स बनने लगे।
कई सोशल मीडिया यूजर्स ने अर्चना पूरन सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू को मीम्स बनाकर ट्रोल कर रहे हैं। उनके मीम्स पर अब अर्चना पूरन सिंह ने खुद अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनके खिलाफ मीम्स बनाने वालों को लेकर अर्चना पूरन सिंह ने कहा है कि उन्हें काफी हंसी आ रही है। लोग बहुत क्रिएटिव हैं। यह बात अर्चना पूरन सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए कही है। वह अपने फैंस से जुड़े रहने के लिए अक्सर सोशल मीडिया का इस्तेमाल करती हैं।
अर्चना पूरन सिंह ने अपने खिलाफ बनने वाले मीम्स पर कू ऐप के जरिए प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक सोशल मीडिया यूजर के पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, 'वाह पंजाब में सिद्धू जी ने रिजाइन किया.... यहां मैं ट्विटर पर ट्रेंड करने लगी। मुझ पर बनाए हुए मीम्स पढ़कर बहुत हंसी आई। बहुत क्रिएटिव लोग हैं।' सोशल मीडिया पर अर्चना पूरन सिंह का यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है।
अभिनेत्री के फैंस और तमाम सोशल मीडिया यूजर्स उनके पोस्ट को पसंद कर रहे हैं। साथ ही कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। गौरतलब है कि नवजोत सिंह सिद्धू कपिल शर्मा के कॉमेडी शो के स्थायी सदस्य होते थे। शो में खास मेहमान के तौर पर सिद्धू के लिए मंच के सामने दर्शकों के बीच अलग सिंहासन बनाया गया था। 2019 में सिद्धू ने अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के लिए कपिल शर्मा शो छोड़ दिया और उनकी जगह अर्चना पूरन सिंह ने ली, जो कपिल के साथ दूसरे कॉमेडी शो कर चुकी थीं, जब कपिल खुद कंटेस्टेंट हुआ करते थे।
अर्चना शो में अपनी जोरदार हंसी के लिए जानी जाती हैं। मंगलवार को सिद्धू के इस्तीफे के बाद ट्विटर पर जोक्स और मीम बनाये जा रहे हैं। मीम्स में अर्चना पूरन सिंह के सम्भावित रिएक्शन को फिल्मों और वेब सीरीज के माम्स के जरिए जाहिर किया जा रहा है, जो काफी मजाकिया हैं। कुछ ट्वीट्स में कहा गया है कि सिद्धू का पार्टी अध्यक्ष के तौर पर कार्यकाल से अधिक लंबा करियर कपिल शर्मा शो में था।