Move to Jagran APP

'फ़न्ने ख़ान' में अनिल कपूर-ऐश्वर्या राय की 18 साल बाद वापसी, सालों बाद लौटीं ये जोड़ियां

फ़न्ने ख़ान इस शुक्रवार को रिलीज़ हो रही है। अनिल फ़िल्म में एक कैब ड्राइवर के रोल में है, जो संगीत का शौक़ीन है। फ़िल्म में ऐश्वर्या राय बच्चन एक सेलेब्रिटी सिंगर के रोल में हैं।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Thu, 02 Aug 2018 03:17 PM (IST)Updated: Fri, 03 Aug 2018 06:39 AM (IST)
'फ़न्ने ख़ान' में अनिल कपूर-ऐश्वर्या राय की 18 साल बाद वापसी, सालों बाद लौटीं ये जोड़ियां
'फ़न्ने ख़ान' में अनिल कपूर-ऐश्वर्या राय की 18 साल बाद वापसी, सालों बाद लौटीं ये जोड़ियां

मुंबई। हिंदी सिनेमा में सितारों की जोड़ियों की काफ़ी अहमियत होती है। धर्मेंद्र-हेमा मालिनी, अमिताभ बच्चन-रेखा, राजेश खन्ना-शर्मिला टैगोर समेत तमाम ऐसी ऑनस्क्रीन जोड़ियां हैं, जिन्होंने दशकों को अपने सम्मोहन में बांधे रखा। इन जोड़ियों ने फ़िल्म की बॉक्स ऑफ़िस कामयाबी में अहम भूमिका निभायी। दर्शकों को इन्हें पर्दे पर देखने का इंतज़ार रहता था। ऐसी ही कुछ जोड़ियां सिल्वर स्क्रीन पर अपना जलवा दिखाने फिर आ रही हैं। इन्हीं में से एक है अनिल कपूर और ऐश्वर्या राय बच्चन।

loksabha election banner

अतुल मांजरेकर निर्देशित 'फ़न्ने ख़ान' में अनिल कपूर, ऐश्वर्या राय और राजकुमार राव मुख्य किरदार निभा रहे हैं। अनिल और ऐश ने 'ताल' और 'हमारा दिल आपके पास है' में साथ काम किया था। ये दोनों 18 साल बाद पर्दे पर लौट रहे हैं। फ़न्ने ख़ान इस शुक्रवार को रिलीज़ हो रही है। अनिल फ़िल्म में एक कैब ड्राइवर के रोल में है, जो संगीत का शौक़ीन है। फ़िल्म में ऐश्वर्या राय बच्चन एक सेलेब्रिटी सिंगर के रोल में हैं। 

निर्देशक इंद्र कुमार की फ़िल्म 'टोटल धमाल' में अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित एक साथ दिखेंगे। ये फ़िल्म इसी साल रिलीज़ हो रही है। माधुरी और अनिल 18 साल बाद साथ आ रहे हैं। इससे पहले दोनों आख़िरी बार 2000 की फ़िल्म 'पुकार' में साथ आये थे। अनिल-माधुरी ने अपने करियर के शीर्ष पर साथ काम किया है और तेज़ाब, बेटी, परिंदा, राम-लखन जैसी कामयाब फ़िल्में दी हैं।

'टोटल धमाल' में अजय देवगन भी मुख्य स्टार कास्ट का हिस्सा हैं। माधुरी के साथ अजय ने 'ये रास्ते हैं प्यार के' में काम किया था, जो 2001 में आयी थी। दीपक शिवदसानी निर्देशित फ़िल्म में प्रीति ज़िंटा भी पैरेलल लीड रोल में थीं। राजकुमार संतोषी की 'लज्जा' में माधुरी दीक्षित मुख्य किरदार में शामिल थीं। इस फ़िल्म में अजय ने भी एक रोल निभाया था। 'लज्जा' भी 2001 में ही आयी थी। इस मल्टी स्टारर फ़िल्म में अनिल कपूर भी थे।

अनिल की तरह ही बेटी सोनम कपूर भी अपने पहले को-स्टार रणबीर कपूर के साथ रीयूनाइट हुईं। राजकुमार हिरानी की फ़िल्म 'संजू' में रणबीर संजय दत्त के रोल में थे, जबकि सोनम ने उनकी गर्लफ्रेंड का किरदार निभाया। 29 जून को रिलीज़ हुई फ़िल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर तहलका मचा दिया था और अब हिंदी सिनेमा की तीसरी सबसे कामयाब फ़िल्म बन चुकी है। संयोग देखिए कि रणबीर और सोनम की डेब्यू फ़िल्म सांवरिया फ्लॉप रही थी, जिसे  संजय लीला भंसाली ने डायरेक्ट किया था। इसके बाद यह जोड़ी कभी साथ नहीं आयी। इसी फ़िल्म में रणबीर अनुष्का शर्मा के साथ फिर नज़र आये। करण जौहर की फ़िल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' में अनुष्का और रणबीर साथ काम कर चुके हैं, जो 2016 में आयी थी। 'संजू' में अनुष्का ने लंदन से आयी बायोग्राफर का किरदार निभाया, जो उनकी बायोग्राफी लिखती है। 

करण जौहर की फ़िल्म 'कलंक' में संजय दत्त और माधुरी दीक्षित एक लंबे अर्से के बाद पर्दे पर साथ दिखायी देंगे। हालांकि अभी ये साफ़ नहीं है कि फ़िल्म में इनके किरदार एक-दूसरे के अपोज़िट होंगे या नहीं। इस फ़िल्म को अभिषेक वर्मन निर्देशित कर रहे हैं। फ़िल्म की एंसॉम्बल कास्ट में इन दोनों के अलावा आदित्य रॉय कपूर, सोनाक्षी सिन्हा, वरुण धवन और आलिया भट्ट शामिल हैं। मगर, दर्शकों को सबसे अधिक दिलचस्पी संजय और माधुरी की जोड़ी (अगर बनी) में होगी। 90 के दशक में संजय दत्त और माधुरी ने 'साजन' और 'खलनायक' जैसी कुछ हिट फ़िल्मों में काम किया था। पर्दे के इस पार भी दोनों के बीच केमिस्ट्री के क़िस्से ख़ूब मशहूर रहे थे। संजय और माधुरी आख़िरी बार 1997 की फ़िल्म 'महानता' में सिल्वर स्क्रीन पर एक साथ नज़र आये थे। यानि इनका पुनर्मिलन भी दो दशक बाद हो रहा है। 'कलंक' 19 अप्रैल 2019 को रिलीज़ होगी।

2018 में शाह रुख़ ख़ान और कटरीना कैफ़ एक बार फिर पर्दे पर साथ दिखेंगे। आनंद एल राय की फ़िल्म 'ज़ीरो' में दोनों साथ आ रहे हैं। इनके साथ अनुष्का शर्मा भी फ़िल्म में नज़र आएंगे। दिलचस्प संयोग ये है कि ये दोनों एक्ट्रेसेज़ ही शाह रुख़ के साथ 2012 की फ़िल्म 'जब तक है जान' में साथ आयी थीं। यश चोपड़ा की ये आख़िरी निर्देशित फ़िल्म है। अनुष्का इसके बाद 'जब हैरी मेट सेजल' में किंग ख़ान के साथ जोड़ी जमा चुकी हैं, जो 2017 में रिलीज़ हुई थी।

'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' में आमिर ख़ान भी कटरीना कैफ़ के साथ एक बार फिर पर्दे पर दिखेंगे। दोनों इससे पहले 2013 की फ़िल्म 'धूम 3' में साथ आये थे। यानि 5 साल बाद इनका दोबारा मिलन होगा। वहीं, इसी फ़िल्म में आमिर दंगल गर्ल फ़ातिमा सना शेख़ के साथ भी पर्दे पर वापस आएंगे। 2016 की फ़िल्म 'दंगल' में फ़ातिमा, आमिर की बेटी के किरदार में थीं।

अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा की जोड़ी भी लंबे अर्से बाद पर्दे पर दिखायी देने वाली है। इसी साल रिलीज़ के लिए तैयार फ़िल्म 'संदीप और पिंकी फ़रार' में अर्जुन-परिणीति साथ आ रहे हैं। अर्जुन ने 2012 की फ़िल्म 'इशक़ज़ादे' से डेब्यू किया था, जिसमें परिणीति ने फ़ीमेल लीड रोल निभाया था। 'संदीप और पिंकी फरार' को दिबाकर बैनर्जी ने निर्देशित किया है। 'नमस्ते इंग्लैंड' में भी ये दोनों साथ दिखेंगे, जिसे विपुल शाह डायरेक्ट कर रहे हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.