कैंसर पीड़ित बच्चों की मदद को आगे आयीं अक्षय कुमार की 'हाउसफुल 4' हीरोइन पूजा हेगड़े
Pooja Hegde Donates To Help Cancer Kids पूजा 2019 में अक्षय कुमार के साथ हाउसफुल 4 में नज़र आयी थीं। यह फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर सफल रही थी और 200 करोड़ से अधिक कारोबार किया था।
नई दिल्ली, जेएनएन। अक्षय कुमार के साथ हाउसफुल 4 में फीमेल लीड रोल निभा चुकीं अभिनेत्री पूजा हेगड़े कैंसर पीड़ित बच्चों की मदद के लिए आगे आयी हैं। पूजा ने एक संस्था के ज़रिए बच्चों के इलाज के लिए ढाई लाख रुपये का डोनेशन किया है।
पूजा ने क्योर फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया। यह आयोजन छठे द्विवार्षिक 'कैंसर क्रूसेडर्स इंविटेशन कप' की घोषणा करने के लिए किया गया था, जो एक विश्व स्तरीय गोल्फ टूर्नामेंट है। इस टूर्नामेंट के ज़रिए बाल कैंसर रोगियों को सपोर्ट करने के लिए फंड रेज़ किया जाता है। साथ ही जागरूकता भी फैलाई जाती है। इसके बारे में बात करते हुए पूजा कहती हैं, "मुझे नहीं लगता कि ये एक ऐसा काम है जो सिर्फ अभिनेताओं या मशहूर हस्तियों को ही करना चाहिए। ये आपके अंदर से आना चाहिए। जो समाज ने आपको दिया है, उसे समाज को वापस देने की आदत और परम्परा बनाना महत्वपूर्ण है।''
पूजा आगे कहती हैं, ''आपको पता भी नहीं होगा कि आप ऐसा करके कितने लोगों को प्रेरित करते हैं। मेरी तरफ से यह एक छोटा सा योगदान था। कैंसर से पीड़ित ज्यादातर बच्चों का इलाज किया जा सकता है और सिर्फ पैसा न होने की वजह से इसे रोका नहीं जाना चाहिए। प्यार से किया गया एक छोटा सा काम बहुत आगे तक जाता है| हमें उतना करना चाहिए जितना हम दूसरों के लिए कर सकते हैं। "
इस बीच पूजा अपनी हालिया तेलुगु रिलीज़ अला वैकुंठपुर्रमलू की सफलता की ख़ुशी मना रही हैं। जिसके बाद उन्होंने प्रभास के साथ अपनी आगामी फिल्म पर काम करना शुरू कर दिया है। पूजा 2019 में अक्षय कुमार के साथ हाउसफुल 4 में नज़र आयी थीं। यह फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर सफल रही थी और 200 करोड़ से अधिक कारोबार किया था।
हिंदी सिनेमा में पूजा ने रितिक रोशन के साथ मोहेनजो-दाड़ो से डेब्यू किया था। हालांकि बॉक्स ऑफ़िस पर फ़िल्म अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी। इसके बाद पूजा ने कई सफल दक्षिण भारतीय फ़िल्मों में अहम भूमिकाएं निभायीं।