आसपास लोगों का दर्द देख भावुक हुईं राधिका आप्टे, सोशल मीडिया पर लिखी ये बात
देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने लोगों की चिंता बढ़ा रखी है। रोजाना इससे संक्रमित होने और मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। मरने वालों को लेकर इस समय पूरा देश शोक के माहौल में है।
नई दिल्ली, जेएनएन। देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने लोगों की चिंता बढ़ा रखी है। रोजाना इससे संक्रमित होने और मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। मरने वालों को लेकर इस समय पूरा देश शोक के माहौल में है। इन सबके बीच बॉलीवुड अभिनेत्री राधिका आप्टे ने जान गवां रहे और परेशान लोगों के लिए दुख जताया है। साथ ही लोगों से अपना ख्याल रखने की अपील की है।
यह दुख अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर जताया है। राधिका आप्टे सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। वह अपने से जुड़े रहने के लिए खास तस्वीरें और वीडियो भी साझा करती रहती हैं। राधिका आप्टे ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर में वसंत के फूल नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर को साझा करते हुए राधिका आप्टे ने परेशान और दुखी लोगों के लिए भावुक पोस्ट लिखा है।
अभिनेत्री ने तस्वीर के पोस्ट में लिखा, 'उन सभी के लिए जो हम खो चुके हैं और खो रहे हैं .. सभी के लिए जो खो गए हैं .. पास होने से पहले हम सभी को नहीं देख सकते थे.. उन सभी के लिए जिनके साथ हम अपना दर्द साझा नहीं कर सकते हैं.. सभी बहुत असहाय महसूस कर रहे हैं .. हम सभी को इन असाधारण और तीव्र क्रूर परिस्थितियों में शांति और शक्ति से रहने की जरूरत है।'
सोशल मीडिया पर राधिका आप्टे का यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। अभिनेत्री के कई फैंस उनकी पोस्ट को खूब पसंद कर रहे हैं। साथ ही कमेंट कर अपनी जान गवां चुके लोगों के लिए दुख जता रहे हैं। बात करें राधिका आप्टे के वर्कफ्रंट की तो वह आखिरी बार वेब सीरीज ओके कम्प्यूटर में नजर आई थीं। उनकी यह सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज हुई थी।
ओके कम्प्यूटर साइंस फिक्शन सीरीज है, जिसमें बहुत अधिक तकनीकी बातों का प्रयोग किया गया है। संवादों के जरिए इन्हें आसान करने की कोशिश की गयी है। ओके कम्प्यूटर में राधिका आप्टे के अलावा विजय वर्मा, जैकी श्रॉफ और विभा छिब्बर सहित कई कलाकार मुख्य भूमिका में थे। इस वेब सीरीज का निर्देशन पूजा शेट्टी और नील पागेदार ने किया है।