विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की बेटी का चेहरा हुआ कैमरे में कैद, कुछ ऐसी दिखती हैं वामिका
रविवार को अनुष्का शर्मा अपनी बेटी वामिका के साथ भारत और साउथ अफ्रीका के बीच हो रही वनडे सीरीज का मैच देखने के लिए स्टेडियम पहुंची थीं। जहां अनुष्का शर्मा और वामिका कैमरे में कैद हो गई और तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
नई दिल्ली, जेएनएन। एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और उनके पति टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली हमेशा से चर्चा का केंद्र रहे हैं। अफेयर से लेकर शादी तक हर मौके पर दोनों ने मीडिया में खूब सुर्खिया बटोरी। अनुष्का और विराट की तरह ही उनकी बेटी वामिका भी लोगों के बीच काफी चर्चा में रहती हैं। हालांकि, विराट और अनुष्का ने कभी भी अपनी बेटी वामिका का चेहरे नही दिखाया है। लेकिन, अब वामिका की एक तस्वीर कैमरे में कैद हो गई है और सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
रविवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच केपटाउन में आखिरी वनडे मैच खेला जा रहा है। जहां अनुष्का शर्मा बेटी वामिका के साथ विराट कोहली को चेयर करने पहुंची। फिर क्या था, कैमरे की नजर उन पर पड़ गई और स्टेडियम में लगे एलईडी डिस्प्ले में दोनों दिखने लग गए। स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने तुरन्त इस मौके को कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में अनुष्का, वामिका को गोद में लिए हुए नजर आ रही हैं।
वायरल तस्वीर में अनुष्का शर्मा ब्लैक शार्ट ड्रेस और वामिका पिंक कलर की फ्रॉक में नजर आ रही हैं। यह पहला मौका है जब वामिका का चेहरा लोगों के सामने आया है। इससे पहले विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने बेटी वामिका की कई तस्वीरें शेयर की हैं लेकिन कभी चेहरा नहीं दिखाया।
Virat Kohli dedicated his 50 to his daughter Vamika ❤️#Vamika #ViratKohlipic.twitter.com/IEpYdJz7aJ— CRICKET VIDEOS 🏏 (@AbdullahNeaz) January 23, 2022
अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने 11 जनवरी, 2021 को बेटी वामिका का स्वागत किया था। बेटी वामिका के पैदा होने की जानकारी क्रिकेटर विराट कोहली ने इंस्टाग्राम और ट्विटर के जरिए दी थी। विराट ने ट्वीट करते हुए लिखा था, 'हम दोनों को यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि आज दोपहर हमारे यहां बेटी हुई है। हम आपके प्यार और मंगलकामनाओं के लिए दिल से आभारी है। अनुष्का और हमारी बेटी, दोनों बिलकुल ठीक हैं और हमारा यह सौभाग्य है कि हमें जिंदगी का यह चैप्टर अनुभव करने को मिला। हम जानते हैं कि आप यह जरूर समझेंगे कि इस समय हमें थोड़ी प्राइवसी चाहिए होगी।'