कांग्रेस नेता शाहनवाज़ आलम ने बताया आजम खां को क्यों भेजा गया जेल, अखिलेश यादव हैं कितने बड़े नेता
Congress in UP Assembly Election 2022 अल्पसंख्यक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शाहनवाज़ आलम ने सम्भल में समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। कहा कि सपा ऐसी भैंस है जिसे चारा तो 20 फीसदी वाले खिलाते थे लेकिन दूध सिर्फ़ पांच फीसदी वाले ही दूहते थे।
सम्भल, जेएनएन। Congress in UP Assembly Election 2022 : अल्पसंख्यक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शाहनवाज़ आलम ने सम्भल में समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। कहा कि सपा ऐसी भैंस है जिसे चारा तो 20 फीसदी वाले खिलाते थे लेकिन दूध सिर्फ़ पांच फीसदी वाले ही दूहते थे। मुसलमान चारा खिलाना छोड़ दे तो सपा रूपी भैंस सूख जाएगी। इस बार मुसलमान दूसरे सभी वर्गों के साथ मिलकर कांग्रेस की सरकार बनवाने का मन बना चुके है।
ज़िला कांग्रेस कार्यालय सम्भल में प्रेसवार्ता करते हुए कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष शाहनवाज आलम ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अब अपनी जाति के ढाई फीसदी वोटों के ही नेता रह गए हैं। उनकी कुल आबादी का आधा हिस्सा उनका साथ छोड़ चुका है। जो बचे भी हैं वो मुसलमानों से वोट तो ले लेते हैं लेकिन देते नहीं हैं। इसीलिए लोकसभा चुनाव में सपा- बसपा गठबंधन सिर्फ़ रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, आजमगढ़, अमरोहा और सहारनपुर जैसी मुस्लिम बहुल सीटें ही जीत पाया। कन्नौज, बदायूं और फिरोजाबाद जैसी अपनी जाति की बहुलता वाली सीटें भी अखिलेश यादव हार गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि सैफई परिवार ने सपा नेता राम गोपाल यादव को नोएडा प्राधिकरण घोटाले में जेल जाने से बचाने के लिए सांसद आज़म खान को योगी सरकार से एक डील के तहत जेल भिजवाया है। इस चुनाव में मुसलमान आज़म खान से हुए धोखे का भी हिसाब सपा से लेगा। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय दौरे पर सम्भल आए हैं और विभिन्न क़स्बों और गावों में जन संवाद कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
इस अवसर पर शहर अध्यक्ष तौकीर अहमद, प्रदेश उपाध्यक्ष अल्पसंख्यक विभाग मोहम्मद खालिद, हाजी अशरफ अंसारी, शिव किशोर गौतम, अफसर अंसारी, बिलाल अहमद, इब्राहिम खान, आरिफ खान तनवीर, डा. सलाउद्दीन सुभानी, अकील अहमद, सलमान तुर्की, दिनेश गुलशन आदि मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की।