Move to Jagran APP

हिलेरी के 'सीरिया प्लान' से तीसरे विश्वयुद्ध का खतरा: ट्रंप

रिपबल्किन उम्मीदवार ट्रंप ने कहा कि सीरिया के मुद्दे पर हिलेरी की नीतियों से तीसरे विश्व युद्ध का खतरा उत्पन्न हो सकता है।

By Lalit RaiEdited By: Published: Wed, 26 Oct 2016 10:57 AM (IST)Updated: Wed, 26 Oct 2016 12:48 PM (IST)

वाशिंगटन (रायटर्स)। रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर प्रतिद्वंद्वी डेमोक्रेट उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन पर तीखा हमला किया है। ट्रंप ने कहा है कि सीरिया मामले में हिलेरी क्लिंटन की विदेश नीति से तीसरे विश्व युद्ध का खतरा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को इस्लामिक स्टेट को हराने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, न कि सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद को पद से हटाने पर राज़ी करने पर जोर देना चाहिए।

loksabha election banner

हिलेरी की नीतियों से विश्व युद्ध का खतरा

ट्रंप ने कहा कि अगर हमने हिलेरी की बात सुनी तो अमेरिका सीरिया के मुद्दे पर विश्व युद्ध में शामिल हो जाएगा। हमें ये समझना होगा कि लड़ाई सिर्फ सीरिया से नहीं है बल्कि इस लड़ाई में रूस और ईरान भी शामिल हैं। उनका कहना था कि रूस एक परमाणु शक्ति संपन्न देश है लेकिन ये एक ऐसा देश है जो सिर्फ बात नहीं करता है काम करके दिखाता है। हिलेरी क्लिंटन सीरिया में नो फ्लाई ज़ोन का प्रस्ताव कर चुकी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे रूस के साथ तकरार और बढ़ेगी क्योंकि रूस सीरिया में सिर्फ हवाई हमले कर रहा है। हालांकि हिलेरी का खेमा यह आरोप लगाता रहा है कि ट्रंप अमरीकी के लोगों को डराने का खेल खेल रहे हैं।

बॉबी जिंदल और निक्की हेली को भी अपमानित कर चुके हैं ट्रंप


'पुतिन के साथ कैसे पेश आएंगी हिलेरी'

ट्रंप ने ये भी कहा कि हिलेरी क्लिंटन ने जिस तरह से रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमिर पुतिन की कड़ी आलोचना की है उसके बाद वो उनसे बातचीत नहीं कर पाएंगी। ट्रंप ने सवाल किया कि अगर हिलेरी क्लिंटन नवंबर में राष्ट्रपति चुन भी ली जाती हैं तो उस आदमी से वो बात कैसे करेंगी जिसे उन्होंने "एक शैतान" की तरह पेश किया है?

अमेरिकी फौज के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पिछले महीने कांग्रेस के सामने पेश होते हुए रूस के साथ बढ़ती तकरार को लेकर चिंता जताई थी। ज्वाइंट चीफ्स मरीन के चेयरमैन जोसेफ डनफोर्ड ने सीनेट से सदस्यों से कहा कि सीरिया में "नो फ्लाई ज़ोन" लागू करने से रूस के साथ लड़ाई शुरू हो जाएगी। जनरल डनफोर्ड ने कहा कि सीरिया में हवाई क्षेत्र पर नियंत्रण करने का अर्थ है कि हमें सीरिया और रूस के साथ लड़ाई शुरू करनी होगी। ये फैसला वो निश्चित तौर पर नहीं ले सकते हैं।

महिलाओं-अश्वेतों में हिलेरी लोकप्रिय, डोनाल्ड ट्रंप पर पांच अंक की बढ़त

हिलेरी की विदेश नीति पर ट्रंप उठा चुके हैं सवाल

20 अक्टूबर को नेवाडा के लास वेगास में आखिरी प्रेसिडेंशियल डिबेट में हिलेरी क्लिंटन ने विदेश नीति के सवाल पर कहा था कि सीरिया में नो फ्लाई ज़ोन घोषित करने से ज़िंदगियां बचाई जा सकेंगी और लड़ाई को रोकने में मदद मिलेगी। लेकिन विकिलीक्स ने हिलेरी क्लिंटन के भाषण का जो ब्यौरा प्रकाशित किया है उसके मुताबिक 2013 में वॉलस्ट्रीट की एक कंपनी गोल्डमैन सैक्स के भाषण में हिलेरी क्लिंटन ने कहा था कि नो फ्लाई ज़ोन स्थापित करने का अर्थ है कई सीरियाई लोगों की मौत होगी।

ट्रंप-हिलेरी का जोरदार चुनावी प्रचार

अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव में अब सिर्फ दो हफ्ते का समय बचा है। यौन शोषण के आरोपों के बाद ट्रंप चुनाव पूर्व की रेटिंग में पिछड़ते नज़र आ रहे हैं। दोनों उम्मीदवार मतदाताओं को लुभाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। ओहायो, नॉर्थ कैरोलीना, फ्लोरिडा और पेनसिलवेनिया में चुनावी जंग तेज है। अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए आठ नवंबर को वोट डाले जाएंगे और नया राष्ट्रपति अगले साल जनवरी की 20 तारीख को पदभार संभालेंगे।

बॉबी जिंदल और निक्की हेली को भी अपमानित कर चुके हैं ट्रंप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.