स्मृति ईरानी ने किया डांडिया और चलाया टू व्हीलर, कमल हासन को दी राष्ट्रहित पर बहस की चुनौती
तमिलनाडु में चुनाव के प्रचार के लिए पहुंचीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने प्रख्यात अभिनेता कमल हासन को राष्ट्रहित पर बहस की चुनौती दी है। हासन अपनी पार्टी मक्कल नीधि मैयम की ओर से विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं।
कोयंबटूर, एजेंसियां। तमिलनाडु में चुनाव के प्रचार के लिए पहुंचीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने प्रख्यात अभिनेता कमल हासन को राष्ट्रहित पर बहस की चुनौती दी है। हासन अपनी पार्टी मक्कल नीधि मैयम की ओर से विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। ईरानी ने केंद्र सरकार की विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए भाजपा प्रत्याशी वनाथि श्रीनिवासन के लिए वोट मांगे।
कहा कि तमिलनाडु को भी विकास में भागीदार बनाना है तो मतदाताओं को भाजपा प्रत्याशियों को जिताना होगा और अन्ना द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन को सत्ता सौंपनी होगी। गुजराती समाज की ओर से आयोजित उत्तर भारतीय समुदाय से मिलने के कार्यक्रम में ईरानी ने कहा कि कई साल पहले वह कमल हासन के साथ एक बहस में शामिल हुई थीं। हासन को अब वनाथि श्रीनिवासन के साथ विकास के मसलों पर बहस करनी चाहिए। उन्हें कोयंबटूर की समस्याओं और उनके निदान पर बात करनी चाहिए।
ग्रामीण विकास की चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने भारत सरकार द्वारा देशभर में बनवाए गए दस करोड़ शौचालयों का जिक्र किया। बताया कि इनमें से 90 लाख तमिलनाडु में हैं। इसी प्रकार से जन-धन योजना के तहत जिन 40 करोड़ लोगों के बैंक अकाउंट खुले, उनमें से 90 लाख तमिलनाडु के हैं। इस दौरान ईरानी हिंदी और गुजराती में बोलीं।
#WATCH Coimbatore: Union Minister Smriti Irani performs traditional dance* with BJP workers, as a part of election campaigning for Vanathi Srinivasan, the party's candidate from Coimbatore South constituency.#TamilNaduElections pic.twitter.com/1S6zQF2RgL— ANI (@ANI) March 27, 2021
स्मृति ने किया डांडिया और चलाया टू व्हीलर
कोयंबटूर में भाजपा के समर्थन में स्मृति ईरानी ने शनिवार को दोपहिया वाहन चलाया। पार्टी के महिला मोर्चा द्वारा राजा स्ट्रीट इलाके में आयोजित इस दोपहिया वाहन रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान राज्य महिला मोर्चा की अध्यक्ष वनाथि श्रीनिवासन ने भी रैली में वाहन चलाया। केंद्रीय मंत्री ईरानी ने इस दौरान हेलमेट लगाया और कोविड से बचाव के लिए मास्क भी पहना। बाद में स्मृति ईरानी और वनाथि ने अन्य महिला कार्यकर्ताओं के साथ ऑटो रिक्शा में भी घूमकर प्रचार किया। इससे पहले स्मृति ने गुजराती समाज की महिलाओं के साथ डांडिया नृत्य किया।