सीट को लेकर अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन से अलग हुई डीएमडीके, पार्टी ने पीठ में छुरा घोंपने का लगाया आरोप
Tamil Nadu Assembly Election 2021 डीएमडीके ने कहा है कि उसने जितनी और जिन सीटों की मांग की थी उसे नहीं दी गईं। डीएमडीके के उप महासचिव एलके सुधीश ने अन्नाद्रमुक पर पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाया है।
चेन्नई, एजेंसियां। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव से पहले अन्नाद्रमुक और भाजपा गठबंधन को झटका लगा है। अभिनेता से नेता बने विजयकांत की पार्टी देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कड़गम यानी डीएमडीके गठबंधन से अलग हो गई है। वहीं, अभिनेता कमल हासन की पार्टी ने राज्य में विधानसभा की 154 सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान किया है।
डीएमडीके ने कहा है कि उसने जितनी और जिन सीटों की मांग की थी, उसे नहीं दी गईं। डीएमडीके के उप महासचिव एलके सुधीश ने अन्नाद्रमुक पर पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी गठबंधन से अलग हो गई है और चुनाव में अन्नाद्रमुक को हराने के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि विजयकांत पार्टी के मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी होंगे।
कमल हासन की पार्टी 154 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
इस बीच, अभिनेता से नेता बने कमल हासन की पार्टी मक्कल नीधि मय्यम (एमएनएम) ने कहा है कि सीट बंटवारे को लेकर उसकी दो सहयोगी दलों शरत कुमार की पार्टी आल इंडिया समतुआ मकाल काची (एआइएसएमके) और इंडिया जननायक काची (आइजेके) के साथ समझौता हो गया है और वह 154 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। समझौते के मुताबिक एआइएसएमके और आइजेके दोनों 40-40 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। वहीं, इंडिया मक्कल मुनेत्र काची (आइएमएमके) ने विधानसभा चुनाव के लिए 'रोबोट' को अपना चुनाव चिन्ह बनाया है।
तमिलनाडु में 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए छह अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा। मुख्य मुकाबला भाजपा-अन्नाद्रमुक और कांग्रेस-द्रमुक गठबंधन के बीच है।