वसुंधरा राजे आचार संहिता से पूर्व सरकारी कर्मचारियों को गिफ्ट पैकेज देगी
राजस्थान विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पूर्व वसुंधरा राजे सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को एक पैकेज का गिफ्ट देने की तैयारी कर ली है।
जयपुर, नरेन्द्र शर्मा। करीब दो माह बाद होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पूर्व वसुंधरा राजे सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को एक पैकेज का गिफ्ट देने की तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री सचिवालय, मुख्य सचिव और वित्त विभाग के स्तर पर प्रस्ताव अनुमोदित कर के सीएम वसुंधरा राजे के पास भिजवाया जा चुका है।
मुख्यमंत्री इस प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करके कभी भी इस तोहफे की घोषणा कर सकती है। इस पैकेज से जहां पांचवी अनुसूची के तहत वेतन कटौती का मसला हल हो सकेगा। वहीं पदोन्नति के अवसर और बढ़ने की संभावना है। कर्मचारी संगठनों, मंत्रियों और विधायकों और भाजपा नेताओं के साथ चर्चा के बाद तय किए गए इस पैकेज के अनुसार 30 अक्टूबर 2017 को वेतन बढ़ोतरी वापस लेने का आदेश निरस्त किया जाएगा।
ऐसा करने पर 5 जुलाई 2013 के आदेश से बढ़े हुए वेतन का लाभ कर्मचारियों को मिल सकता है। वर्तमन में 2400 ग्रेड पे के तीन स्लैब और 2800 ग्रेड पे के 2 स्लैब है।अब इन दोनों स्लैब्स को एक ही में समाहित करने की प्लानिंग है। इससे वेतन कटौती का हल हो सकेगा।
इसके जरिए 2400 ग्रेड पे वालों को 2800 ग्रेड पे मिलने के ज्यादा मौके मिलेंगे वहीं 2800 ग्रेड पे वालों को 3600 ग्रेड पे मिल सकता है। इससे 22 मई 2017 के ऑर्डर से अनुसूची 5 के तहत हुई वेतन कटौती से राहत मिल सकेगी। पैकेज के तहत संविदा कर्मियों को ग्रेच्युटी दुर्घटना बीमा और नई पेंशन स्कीम का लाभ दिया जा सकता है।