वसुंधरा राजे ने कहा, कांग्रेस सरकार के मुखिया ने रिश्तेदारों को बांटी थीं खदानें
राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कांग्रेस के भ्रष्टाचार के आरोपों पर पलटवार किया है।
जयपुर, ब्यूरो। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कांग्रेस के भ्रष्टाचार के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा, भ्रष्टाचार के मामलों में जेल जाने वाले और टीवी पर पैसे लेते दिखाई देने वाले आज हमसे भ्रष्टाचार पर सवाल पूछ रहे हैं। उन्हें अब भ्रष्टाचार दिख रहा है। कांग्रेस सरकार के मुखिया ने तो जोधपुर में अपने रिश्तेदारों को खदानें बांट दी थीं, जबकि हमारे समय में खदान आवंटन में भ्रष्टाचार की बात सामने आई तो हमने उसकी जांच लोकायुक्त को सौंप दी।
राजस्थान गौरव यात्रा के तहत, बीकानेर संभाग के हनुमानगढ़ जिले में हुई सभाओं में राजे ने कहा, जो कांग्रेस साढ़े चार साल से कहीं नजर नहीं आ रही थी, आज चुनाव नजदीक आते ही दिखाई देने लगी है। हमसे सवाल पूछ रही है। हम उनसे सवाल पूछते हैं कि आप इतने समय कहां थे। जो सवाल हमसे पूछ रहे हो, उन पर आपने 50 साल में काम क्यों नहीं किया।
राजे ने कहा,जिस कांग्रेस के नेता भ्रष्टाचार में जेल गए हों, वे किस मुंह से भ्रष्टाचार की बात करते हैं। कांग्रेस सरकार के मुखिया ने जोधपुर के बड़ा कोटेचा में अपने रिश्तेदारों को ही खदानें बांट दी थीं। कांग्रेस ने उस वक्त अपनी आंखें बंद कर ली थीं। एक वो सरकार थी, जिसमें खदानों की बंदरबांट हुई और एक हमारी सरकार है जिसने खदानों के आवंटन के लिए मंशा-पत्र देने की शिकायत हुई तो हमने 601 मंशा-पत्र और अनुज्ञा-पत्रों की स्वीकृतियां निरस्त कर प्रकरण की जांच लोकायुक्त को सौंप दी।
कोई भी सरकार अपने कार्यकाल की जांच लोकायुक्त को नहीं सौंपती, हमने सौंपी, क्योंकि हमारी नीयत और नीति साफ है। हमने अपने पिछले कार्यकाल में ही भामाशाह जैसी योजना शुरू की थी जिसे भ्रष्टाचार पनपाने वाली कांग्रेस ने आते ही बंद कर दिया।
राजे के निशाने पर सिर्फ गहलोत, पायलट गायब : राजस्थान गौरव यात्रा के दौरान राजे अपने भाषणों में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को ही निशाने पर ले रही हैं। चाहे भ्रष्टाचार के मामले हो या सरकार के समय पैसे की कमी का मामला हो या विधानसभा में जनता के मुद्दे उठाने के मामले हों, राजे सीधे गहलोत को निशाना बना रही हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट के बारे में वह कुछ नहीं बोल रही हैं।