Move to Jagran APP

Rajasthan Chunav 2018: सात सबसे हॉट सीटें, जिन पर टिकी सभी की नजर

Rajasthan Chunav 2018: सीएम के मुकाबले भाजपा के मानवेंद्र को उतार कांग्र्रेस ने मुकाबला किया रोचक, सचिन पायलट व गिरिजा व्यास के सामने दिग्गजों के जरिये भाजपा दे रही कड़ी टक्कर

By Arvind DubeyEdited By: Published: Thu, 06 Dec 2018 09:45 PM (IST)Updated: Fri, 07 Dec 2018 06:53 AM (IST)
Rajasthan Chunav 2018: सात सबसे हॉट सीटें, जिन पर टिकी सभी की नजर
Rajasthan Chunav 2018: सात सबसे हॉट सीटें, जिन पर टिकी सभी की नजर

नरेन्द्र शर्मा, जयपुर। राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए आज सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया है। प्रदेश विधानसभा में 200 सीटे हैं, जिनमें से 199 पर मतदान हो रहा है। रामगढ़ सीट पर बसपा प्रत्याशी की मौत के कारण चुनाव स्थगित हो गया है। इस चुनाव में सात विधानसभा सीटों पर लोगों की विशेष नजर है, क्योंकि इन हॉट सीटों पर दिग्गज नेता चुनाव लड़ रहे हैं।

loksabha election banner

ये हैं प्रदेश की चर्चित सीटें

1. झालरापाटनः इस सीट से सीएम वसुंधरा राजे चौथी बार चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस ने दिग्गज भाजपा नेता जसवंत सिह के पुत्र मानवेंद्र सिह को टिकट दिया है। राजपूत समाज के विभिन्न संगठनों ने मानवेंद्र सिह का समर्थन किया है। वसुंधरा राजे पिछला चुनाव 60,896 वोटों से जीती थीं। मानवेंद्र सिह के प्रचार में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता आए, वहीं वसुंधरा राजे अपनी घर-घर पहुंच के बल पर जीत की उम्मीद लगाए बैठी हैं। इस सीट पर सबकी निगाह है। वसुंधरा राजे झालावाड़ से पांच बार सांसद रहीं, वर्तमान में उनके बेटे दुष्यंत सिह यहां से सांसद हैं।

2. सरदारपुराः इस सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पांचवीं बार चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने भाजपा के टिकट पर शंभुसिह खेतासर मैदान में हैं। गहलोत ने पिछला चुनाव भी खेतासर को 18,478 वोटों से हराया था। राजपूत समाज की वसुंधरा सरकार से नाराजगी का असर इस सीट पर दिखाई दे सकता है।

3. नाथद्वाराः यहां से कांग्रेस के दिग्गज नेता डॉ. सीपी जोशी चुनाव लड़ रहे हैं। चार बार विधायक रहे जोशी 2008 के विधानसभा चुनाव में एक वोट से हार गए थे। पिछली बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा। लोकसभा चुनाव हार गए थे। भाजपा ने उनके सामने महेश प्रताप सिह को टिकट दिया है। महेश प्रताप सिह डॉ.जोशी के कभी काफी निकट हुआ करते थे।

4. टोंकः राज्य की सबसे चर्चित सीटों में से एक टोंक विधानसभा सीट है। यहां से प्रदेश कांग्र्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने उनका मुकाबला करने के लिए वसुंधरा राजे सरकार में नंबर दो की हैसियत रखने वाले परिवहन मंत्री यूनुस खान को मैदान में उतारा है। वैसे तो दोनों ही बाहरी हैं, लेकिन जातिगत समीकरणों को देखते हुए माहौल पायलट के पक्ष में नजर आ रहा है, पर यूनुस खान उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं। पायलट पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे है।

5. उदयपुरः उदयपुर शहर की सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास कांग्रेस के टिकट पर मैदान में हैं। उनका मुकाबला प्रदेश के गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया से है। इस बार भाजपा और जनसंघ के पुराने नेता कटारिया के खिलाफ लामबंद हो रहे हैं। भाजपा के बागी भी चुनाव मैदान में हैं। इस वजह से मुकाबला कड़ा होगा।

6. खींवसरः इस सीट से राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल मैदान में हैं। बेनीवाल के खिलाफ उन्हीं की भतीजी चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस प्रत्याशी रतन सिह और भाजपा के रामचन्द्र मैदान में हैं। बेनीवाल पिछले दो साल में राज्य के प्रमुख जाट नेता बनकर उभरे हैं।

7. सांगानेरः यहां से भाजपा से अलग होकर भारत वाहिनी नाम से नई पार्टी बनाने वाले वरिष्ठ नेता घनश्याम तिवाड़ी चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने इस सीट से जयपुर के मेयर अशोक लाहोटी और कांग्रेस ने पुष्पेन्द्र भारद्वाज को टिकट दिया है । इस सीट पर मुकाबला रोचक होगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.