Move to Jagran APP

गहलोत मंत्रिमंडल: 23 ने ली शपथ, एक तिहाई नए चेहरे

गहलोत मंत्रिमंडल में 23 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। कांग्रेस ने 2019 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रख सियासी समीकरण बिठाया है।

By Preeti jhaEdited By: Published: Mon, 24 Dec 2018 09:29 AM (IST)Updated: Mon, 24 Dec 2018 07:22 PM (IST)
गहलोत मंत्रिमंडल: 23 ने ली शपथ, एक तिहाई नए चेहरे
गहलोत मंत्रिमंडल: 23 ने ली शपथ, एक तिहाई नए चेहरे

जयपुर, जागरण संवाददाता राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार के 23 मंत्रियों ने सोमवार को शपथ ली है। राज्यपाल कल्याण सिंह ने राजभवन में आयोजित एक समारोह में मंत्रियों को शपथ दिलाई। 13 को कैबिनेट और 10 को राज्यमंत्री बनाया गया है। इनमें 17 यानि दो तिहाई से ज्यादा नए चेहरे हैं। मंत्रिमंडल में जातिगत समीकरणों व आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान रखा गया है।

loksabha election banner

वहीं, गठबंधन की राजनीति को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय लोकदल के एकमात्र विधायक सुभाष गर्ग को भी मंत्री बनाया गया है। गर्ग को मंत्री बनाने के कदम के पीछे यह संदेश देने का प्रयास है कि कांग्रेस साथी दलों को पूरा तवज्जो देती है। मंत्रिमंडल में एक महिला और एक मुस्लिम विधायक को भी स्थान मिला है।

13 कैबिनेट मंत्री
डॉ. बीडी कल्ला, शांति धारीवाल, परसादी लाल मीणा, मास्टर भंवरलाल मेघवाल, लालचंद कटारिया, डॉ रघु शर्मा, प्रमोद जैन भाया, विश्वेंद्र सिंह, हरीश चौधरी, रमेश चंद्र मीणा, उदयलाल आंजना, प्रताप सिंह खाचरियावास, सालेह मोहम्मद को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई है।

10 राज्य मंत्री
गोविंद सिंह डोटासरा, ममता भूपेश, अर्जुन बामनिया, भंवरसिंह भाटी, सुखराम विश्नोई, अशोक चांदणा, टीकाराम जूली, भजनलाल जाटव, राजेंद्र यादव, सुभाष गर्ग को राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई है।

ये पहली बार बने मंत्री 
रघु शर्मा, लाल चंद, विश्वेंद्र सिंह, हरीश चौधरी, रमेश मीणा, प्रताप सिंह, उदयलाल आंजना, सालेह मोहम्मद, गोविंद डोटासरा, ममता भूपेश, अर्जुन बामनिया, भंवर सिंह, सुखराम विश्नोई, अशोक चांदना, टीकाराम जूली, भजनलाल, राजेन्द्र यादव व सुभाष गर्ग पहली बार मंत्री बनें हैं।

गहलोत कैबिनेट में जातिगत समीकरण
गहलोत मंत्रिमंडल में जाट समाज के चार विधायकों को मंत्री बनाया गया है। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री लालचंद कटारिया, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हरीश चौधरी, भरतपुर के पूर्व महाराजा विश्वेन्द्र सिंह और शेखावाटी में कांग्रेस के जाट चेहरा गोविंद सिंह डोटासरा शामिल हैं। वहीं, मीणा समाज के दो नेताओं को मंत्री बनाया गया है। इनमें एक परसादी लाल मीणा और दूसरे भाजपा के दिग्गज मीणा नेता किरोड़ी लाल की पत्नी गोलमा को हराने वाले रमेश मीणा शामिल हैं। ब्राह्मण चेहरे के रूप में रघु शर्मा और डॉ. बीडी कल्ला को स्थान मिला है। दो राजपूत नेताओं प्रताप सिंह खाचरियावास और भंवर सिंह भाटी मंत्री बनाया गया है। पाक सीमा से सटे जैसलमेर के पोकरण से चुनाव जीते सालेह मोहम्मद को मुस्लिम चेहरे के रूप में मंत्री बनाया गया है।

दलितों में भंवरलाल मेघवाल, टीकाराम जुली, भजनलाल जाटव और ममता भूपेश शामिल हैं। आदिवासी अंचल से अर्जुन बामणिया एवं विश्नोई समाज को सत्ता में प्रतिनिधित्व देने के लिए सुखराम विश्नोई, ओबीसी कोटे से उदय लाल आंजना, वैश्य समाज से शांतिलाल धारीवाल,प्रमोद जैन भाया और सुभाष गर्ग को मंत्रिमंडल में स्थान मिला है।

यादव समाज से राजेंद्र  यादव को स्थान मिला है। सचिन पायलट अपने तीन समर्थकों को कैबिनेट मंत्री बनवाने में सफल रहे, वहीं चार गहलोत के खास समर्थकों को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। शेष छह आम सहमति के आधार पर बनाए गए हैं। राज्यमंत्रियों में गहलोत और पायलट समर्थकों को समान स्थान मिला है।

इन दिग्गजों को नहीं मिली जगह
इस बार जिन दिग्गज नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है उनमें सीपी जोशी, हेमाराम चौधरी, भरत सिंह, दीपेंद्र सिंह शेखावत, परसराम मोरदिया, राजेंद्र पारीक, जाहिदा,अशोक बैरवा, महेश जोशी, जितेंद्र सिंह , महेंद्रजीत सिंह मालवीय, बृजेंद्र ओला और राजकुमार शर्मा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.