Rajasthan Election 2018: कांग्रेस ने विकास के नाम पर 50 साल तक ठगाः अमित शाह
Amit shah in Rajasthan. अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस को केवल 40 लाख बांग्लादेशी घुसपैठियों की चिंता है, न कि निर्दोष लोगों की।
जयपुर, जेएनएन। राजस्थान के चुनाव में पार्टी के प्रचार के लिए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को राजस्थान के पाली, जालोर और सिरोही में आयोजित सभाओं में कहा कि कांग्रेस ने विकास के नाम पर देश की जनता को 50 साल तक ठगा है, जबकि मोदी सरकार ने अपने विकास कार्यों की बदौलत आम लोगों के दिल में जगह बनाई है। यही कारण है कि कारण देश के 19 राज्यों में भाजपा सत्ता में है।
अमित शाह ने कहा कि जहां भाजपा के कार्यकर्ता पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के लिए काम कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस के नेता बिना सिद्धांत और नीति के राजनीति कर रहे हैं। शाह ने कहा कि 50 साल तक कांग्रेस के आम जनता से किए कोरे वादों के कारण राहुल गांधी की कांग्रेस को दुरबीन लेकर ढूंढना पड़ रहा है। सभा के दौरान शाह ने यह भी दावा किया कि इस बार भाजपा राजस्थान के चुनाव के बारे में हर बार सत्ता परिवर्तन के मिथक को भी तोड़ देगी।
शाह ने कहा कि मोदी की सरकार ने युवाओं, किसानों और दलितों के उत्थान के लिए 129 योजनाएं लागू की हैं, जिससे आम जनता लाभान्वित हुई है। शाह ने कांग्रेस नेताओं के विकास योजनाओं के लिए कम आवंटन के आरोपों पर कहा कि जहां राजस्थान को कांग्रेस के समय एक लाख 9 हजार करोड़ का आवंटन करती थी, वहीं भाजपा ने सत्ता में आने के बाद राजस्थान को 2,63,000 करोड़ रूपए का आवंटन विकास योजनाओं के लिए किया है। इसकी बदौलत राज्य में चल रही राज श्री योजना के तहत राज्य में 80 लाख घरों में शौचालय बने हैं। भारत माता के नारे पर चल रहे विवाद पर शाह ने कहा कि इतने बड़े दल को भारत माता की जय बोलने में शर्म आती है। इन कांग्रेसियों को चुल्लू भर पानी में डूब के मर जाना चाहिए।
जालौर में चुनावी सभा में अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस को केवल 40 लाख बांग्लादेशी घुसपैठियों की चिंता है, न कि निर्दोष लोगों की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस के नेताओं के अपमानजनक टिप्पणी पर शाह ने कहा कि मोदी जी के माता-पिता का नाम लेकर अपमान करना सही नहीं है। हमने हमेशा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भी सम्मान दिया है। शाह ने कहा कि राजस्थान में भाजपा की सरकार बरगद का पेड़ है। शाह ने अपने भाषण में सर्जिकल स्ट्राइक, एनआरसी और डॉ. सीपी जोशी के विवादित बयान के मामले में कांग्रेस को जमकर घेरा।
सर्जिकल स्ट्राइक की चर्चा करते हुए शाह ने कहा कि मोदी राज में देश सुरक्षित हुआ है। एनआरसी का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस राज में कभी भी घुसपैठियों को बाहर नहीं निकाला गया। हमने एनआरसी के तहत 41 लाख घुसपैठियों को चिन्हित किया तो सब तरफ कांग्रेसी चिल्लाने लगे। शाह ने जालोर के बाद सिरोही में भी सभा को संबोधित किया।