वसुंधरा राजे के गढ़ में राहुल गांधी करेंगे 85 किलोमीटर लंबा रोड शो
झालावाड़ की झालरापाटन विधानसभा सीट से वसुंधरा राजे विधायक हैं। वहीं झालावाड़-बारां संसदीय सीट से वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंत सिंह सांसद हैं। झालवाड़ वसुंधरा का गढ़ माना जाता है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गृह निर्वाचन क्षेत्र झालवाड़ में चुनावी रैली करेंगे। रैली के बाद वह झालावाड़ से कोटा तक रोड शो करेंगे। 85 किलोमीटर रोड शो के दौरान तीन छोटी-छोटी सभाएं होंगी। झालावाड़ की झालरापाटन विधानसभा सीट से वसुंधरा राजे विधायक हैं। वहीं झालावाड़-बारां संसदीय सीट से वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंत सिंह सांसद हैं। झालवाड़ वसुंधरा का गढ़ माना जाता है।
झालरापाटन से वसुंधरा राजे तीसरी बार विधायक हैं। भाजपा 2013 के विधानसभा चुनाव में झालावाड़ की सभी चारों सीटों पर जीती थी। कोटा संभाग में भाजपा ने 2013 में 17 में से 16 सीटों पर कब्जा किया था। कोटा संभाग यानी हाड़ौती भाजपा का अर्से से परंपरागत गढ़ माना जाता है। 2008 में कांग्रेस जब राजस्थान में सत्ता में आई थी तब कांग्रेस ने भाजपा के गढ़ में सेंधमारी कर 17 में से 10 सीटों पर कब्जा किया था।
यह है रोड शो का मकसद
राहुल गांधी के झालावाड़ से कोटा तक रोड शो के दो मकसद हैं। एक तो वसुंधरा को अपने ही मजबूत किले में चुनौती देकर उन पर मनोवैज्ञानिक दबाव बढ़ाना और दूसरा यदि हाड़ौती में कांग्रेस सेंधमारी में कामयाब हुई तो प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता की राह आसान हो सकती है। राहुल गांधी का पिछले ढाई महीने में राजस्थान का चौथा दौरा है। नौ अक्टूबर को ही राहुल ने धौलपुर से दौसा के महुआ तक 150 किलोमीटर का रोड शो किया था।
शेखावाटी के वोट बैंक पर कब्जे का प्रयास
प्रदेश में राजनीतिक रूप से काफी जागरूक माने जाने वाले शेखावाटी (सीकर, चुरू और झुंझुंनू) जिलों में हमेशा से ही सत्ता विरोधी माहौल रहा है। यह परंपरा रही है कि इस क्षेत्र के मतदाता सत्ताधारी पार्टी के खिलाफ मतदान करते हैं। इसी परंपरा को कायम रखने के लिए गुरुवार को राहुल गांधी सीकर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।