कांग्रेस का राजपूत फेस होंगे मानवेंद्र सिंह, राहुल की मौजूदगी सदस्यता ग्रहण करेंगे
मानवेंद्र के साथ उनकी पत्नी चित्रा सिंह और कुछ अन्य लोग पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
जयपुर,नरेन्द्र शर्मा। दिग्गज भाजपा नेता जसवंत सिंह के विधायक पुत्र मानवेंद्र सिंह बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो सकते है। मानवेंद्र के साथ उनकी पत्नी चित्रा सिंह और कुछ अन्य लोग पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
इस मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत,राजस्थान प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे,प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह भी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस नेतृत्व ने मानवेंद्र को बुधवार को दिल्ली में रहने के लिए कहा है ।
राजपूत फेस होंगे मानवेंद्र सिंह,करेंगे दिल्ली की राजनीति
मानवेंद्र सिंह प्रदेश में कांग्रेस का राजपूत फेस होंगे । फिलहाल कांग्रेस के पास पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह शेखावत के अतिरिक्त कोई बड़ा चेहरा राजपूत वोट बैंक को साधने के लिए नहीं है,जबकि भाजपा में केन्द्रीय मंत्री राज्यवद्र्दन सिंह राठौड़,गजेन्द्र सिंह शेखावत,प्रदेश के केबिनेट मंत्री राजेन्द्र राठौड़,गजेन्द्र सिंह खींवसर और पुष्पेन्द्र सिंह जैसे नेता है ।
मानवेंद के कांग्रेस में शामिल होने से मारवाड़ (जोधपुर)संभाग की करीब तीन दर्जन सीटों के समीकरण बदल सकते है। राज्य की भाजपा सरकार से नाराज चल रहे राजपूत समाज को कांग्रेस के साथ लाने में मानवेंद्र कितने सफल होंगे,यह तो चुनाव परिणाम आने के बाद सामने आएगा,लेकिन कांग्रेस को उनसे काफी उम्मीद है। बाड़मेर में जसवंत सिंह के परिवार का प्रभुत्व रहा है।
जसवंत सिंह और बाद में मानवेंद्र यहां से सांसद रहे। मानवेंद्र वर्तमान में शिव से विधायक है। जानकारी के अनुसार वे अब केन्द्र की राजनीति करेंगे। कांग्रेस उन्हे बाड़मेर संसदीय सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ा सकते है। वहीं उनकी पत्नी चित्रा सिंह शिव से विधानसभा का चुनाव लड़ सकती है। जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेतृत्व के साथ हुई बातचीत में मानवेंद्र ने खुद के लोकसभा और चित्रा सिंह के विधानसभा चुनाव लड़ने की बात कही है ।
पायलट और मानवेंद्र ने कांग्रेस में शामिल होने की बात स्वीकारी
पीसीसी अध्यक्ष सचिन पायलट और मानवेंद्र सिंह ने दैनिक जागरण से बातचीत में कांग्रेस में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पायलट ने कहा कि मानवेंद्र सिंह के अतिरिक्त भाजपा के कुछ अन्य नेता कांग्रेस में शामिल होना चाहते है। वहीं मानवेंद्र सिंह ने कहा कि वे राहुल गांधी और अन्य नेताओं के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
सीएम वसुंधरा राजे के साथ जसवंत सिंह परिवार के मतभेद
मानवेंद्र सिंह के पिता जसवंत सिंह भाजपा के संस्थापकों में रहे है। जसवंत सिंह चार बार लोकसभा सांसद और पांच बार राज्यसभा सांसद रहे है। लेकिन 2014 के चुनाव में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया, जिसके पीछे सीएम वसुंधरा राजे को वजह माना गया। इस पर जसवंत सिंह निर्दलीय तौर पर चुनाव लड़ा और मोदी लहर के बावजूद उन्हे 4 लाख से ज्यादा वोट मिले। हालांकि वे चुनाव हार गए ।