जसवंत सिंह की पुत्रवधू का आह्वान, वसुंधरा सरकार को उखाड़ फेंको
जसवंत सिंह के परिवार और वसुंधरा राजे के बीच पिछले चार साल से मनमुटाव चल रहा था, लेकिन अब सार्वजनिक होने लगा है।
जयपुर, जेएनएन। राजस्थान विधानसभा चुनाव निकट आते देख भाजपा के दिग्गज नेता जसवंत सिंह के परिवार और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बीच चल रहा मनमुटाव खुलकर सतह पर आ गया है। जसवंत सिंह का परिवार अब सार्वजनिक तौर पर राजे और भाजपा के खिलाफ बोलने लगा है। इसी कड़ी में जसवंत सिंह की पुत्रवधू चित्रा सिंह ने लोगों से वसुंधरा सरकार को राजस्थान से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया है। उनके बेटे व विधायक मानवेंद्र सिंह ने कहा है कि वर्ष 2014 से जारी युद्ध अब खत्म होगा। अब तो बदला लिया जाएगा।
गौरतलब है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के परिवार और वसुंधरा राजे के बीच पिछले चार साल से मनमुटाव चल रहा था, लेकिन अब सार्वजनिक होने लगा है। रेगिस्तान से उठ रही सियासी गरमाहट के बीच जसवंत सिंह के विधायक पुत्र मानवेंद्र सिंह की पत्नी चित्रा सिंह ने घूंघट की ओट से वसुंधरा सरकार पर सियासी हमला बोला है। उन्होंने गुरुवार को एक कार्यक्रम के दौरान बोलते हुए कहा कि 2014 में जो युद्ध शुरू हुआ था, उसे अब खत्म करने की बारी आ गई है। चित्रा सिंह ने कहा कि जो सरकार हमारे स्वाभिमान की रक्षा नहीं कर सकती, उसे उखाड़ फेंको।
उन्होंने कहा कि जसवंत सिंह ने पार्टी को स्थापित करने में अपना पूरा जीवन लगा दिया। उस व्यक्ति के साथ इन लोगों ने क्या किया, उसे बाड़मेर की जनता आज तक भूल नहीं पाई है। जिसने अपना जीवन पार्टी के लिए खपा दिया, पार्टी ने उसे 2014 में टिकट तक नहीं दिया, तभी से ये लड़ाई चल रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे राजस्थान में गौरव यात्रा निकाल रही हैं, लेकिन ये समझ से परे है कि आखिर गौरव किस बात का है। उन्होंने सवाल किया कि इससे पहले सुराज संकल्प यात्रा निकाली गई थी, लेकिन क्या सुराज मिला है।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि मौका इस बार आया है, इसे हाथ से जाने मत दीजिए और वसुंधरा सरकार को सत्ता से बहार कर दीजिए। वहीं, मानवेन्द्र सिंह ने बीकानेर में राजपूत समाज की एक बैठक के दौरान कहा कि 2014 में हुए अपमान का बदला लिया जाएगा। रैली की तैयारियों में जुटे मानवेंद्र सिंह भाजपा से अलग राह चुनने को लेकर अपने विश्वस्त लोगों के साथ निर्णय कर चुके भाजपा विधायक मानवेंद्र सिंह 22 सितंबर को पचपदरा में होने वाली स्वाभिमान रैली की तैयारी में जुट गए हैं। उन्होंने जोधपुर संभाग के साथ ही राजस्थान के राजपूत समाज के लोगों को रैली में आमंत्रित किया है। मानवेंद्र सिंह और उनकी पत्नी चित्रा सिंह इन दिनों जनसंपर्क कर लोगों से रैली में शामिल होने का आह्वान कर रहे हैं।