राजस्थान में राजपूतों को साथ लाने के लिए पृथ्वीराज चौहान के वंशज को पाटी में लाई भाजपा
राजस्थान में भाजपा का परंपरागत वोट बैंक माने जाने वाला राजपूत समुदाय पार्टी से नाराज बताया जा रहा है।
जयपुर, जेएनएन। राजस्थान में राजपूतों की नाराजगी दूर करने के लिए भाजपा ने पृथ्वीराज चौहान के वंशज नाथद्वारा के महेश प्रताप सिंह को भाजपा में शामिल किया है। वे पहले भी भाजपा में रह चुके हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से कांग्रेस में थे।
महेश प्रताप सिंह के भाजपा में शामिल होने की अहमियत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस मौके पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, चुनाव प्रभारी प्रकाश जावडेकर, प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल सैनी सहित सभी बडे नेता पार्टी मुख्यालय में मौजूद थे। महेश प्रताप सिह पूर्व विधायक शिवदान सिंह के भतीजे हैं, जिन्होंने एक बार कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा पूर्वे केंद्रीय मंत्री सीपी जोशी को चुनाव हराया था।
गौरतलब है कि राजस्थान में भाजपा का परंपरागत वोट बैंक माने जाने वाला राजपूत समुदाय पार्टी से नाराज बताया जा रहा है। पूर्व रक्षा मंत्री जसवंत सिंह के बेटे और शिव से विधायक मानवेंद्र सिंह भाजपा छोड़ कर कांग्रेस में जा चुके हैं और राजपूत करणी सेना ने भी भाजपा को समर्थन नहीं देने की बात कही है।