Rajasthan Election: कांग्रेस और भाजपा ने अपनों को दिखाया ठेंगा, दलबदलुओं पर किया भरोसा
Rajasthan Assembly Election 2018. राजनीतिक दलों ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के बजाय परायों (दलबदलुओं) पर अधिक भरोसा किया है।
जयपुर, नरेन्द्र शर्मा। सत्ता तक पहुंचने के लिए नेता अपने वादों को भी भुला देते है। इसका उदाहरण राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा सहित अन्य दलों के प्रत्याशियों की सूचियों में देखने को मिल रहा है। राजनीतिक दलों ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के बजाय परायों (दलबदलुओं) पर अधिक भरोसा किया है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राज्य की लगभग सभी सभाओं में कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए वादा किया था कि इस बार पार्टी पैराशुटर्स को टिकट नहीं देगी। वहीं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से लेकर सीएम वसुंधरा राजे तक भाजपा को कैडरबेस पार्टी बताते हुए नीचले स्तर से मिलने वाले सुझावों के आधार पर प्रत्याशी चयन की बात कई मौकों पर कह चुके है। हालांकि अपनों को टिकट देने का वादा कांग्रेस और भाजपा दोनों ने ही सौ फीसदी पूरा नहीं किया।
भाजपा के ये है पैराशूटर प्रत्याशी
विश्व की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करने वाली भाजपा के 85 लाख कार्यकर्ता प्रदेश में है। पार्टी पिछले छह माह से संभावित प्रत्याशियों को लेकर फीडबैक ले रही थी,लेकिन अंतिम समय में कांग्रेस छोड़कर आने वालों को टिकट दे दिया गया।
भाजपा ने ये पैराशूट उम्मीदवार उतारे है-
1.कांग्रेस छोड़कर आई कोटा के पूर्व सांसद इज्यराज सिंह की पत्नी कल्पना राजे को लाड़पुरा से टिकट दिया गया।
2.बसपा से आए अभिनेष महर्षी का रतनगढ़ से टिकट मिला है। वे पहले कांग्रेस में भी रह चुके है।
3.कांग्रेस से भाजपा में आए अशोक शर्मा को राजाखेड़ा से टिकट दिया गया है।
4.कांग्रेस से भाजपा में आए गुरदीप सिंह शाहपीणी को संगरिया से टिकट दिया गया है।
5.कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए महेश प्रताप सिंह को नाथद्वारा से चुनाव लड़ाया जा रहा है।
6.कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए रामकिशोर सैनी को बांदीकुई से उम्मीदवार बनाया गया है।
7.कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुई ममता शर्मा को पिपल्दा से टिकट दिया गया है।
कांग्रेस ने इन पैराशूटर्स को टिकट दिया -
1.भाजपा सांसद हरिश मीणा को कांग्रेस की सदस्यता लेते ही देवली-उनियारा से टिकट मिल गया ।
2.जमींदारा पार्टी से कांग्रेस में शामिल हुई सोनादेवी को रायसिंहनगर से चुनाव लड़ाया जा रहा है।
3.भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए मानवेंद्र सिंह को मिला झालरापाटन से टिकट दिया गया है ।
4.भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज हबीबुर्रहमान को कांग्रेस ने नागौर से टिकट दिया है ।
5.निर्दलीय विधायक राजकुमार शर्मा को नवलगढ़ से उम्मीदवार बनाया गया है ।
6.हमेशा कांग्रेस के खिलाफ रहने वाले पूर्व विधायक कन्हैया लाल झंवर को बीकानेर पूर्व से टिकट दिया गया है ।
तिवाड़ी और बेनीवाल ने भी दिया सहारा
कांग्रेस और भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज कुछ नेताओं को भारत वाहिनी पार्टी के अध्यक्ष घनश्याम तिवाड़ी और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के नेता हनुमान बेनीवाल ने भी सहारा दिया। इनमें भाजपा विधायक किशनाराम नाई सहित संघ एवं भाजपा से जुड़े कई पुराने नेता तिवाड़ी की पार्टी से चुनाव लड़ रहे है। वहीं कांग्रेस के पूर्व विधायक रमेश खंडेलवाल और प्रतिभा सिंह सहित कई नेता बेनीवाल की पार्टी के प्रत्याशी बने है। कुल मिलाकर दोनों ही पार्टीयों ने कार्यकर्ताओं को ठेंगा दिखाया। कार्यकर्ता फिर उसी जगह खड़े रह गए और उनके सामने पैराशूट उम्मीदवार बाजी मार ले गए।