सीएम गहलोत ने राज्यपाल कल्याण सिंह से की मुलाकात, मंत्रिमंडल गठन को लेकर चर्चा तेज
CM Ashok Gehlot. सीएम अशोक गहलोत व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के शपथ ग्रहण के बाद अब सबकी निगाहें गहलोत मंत्रिमंडल के गठन पर टिकी है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को शासन सचिवालय स्थित सीएमओ में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इसके बाद गहलोत ने राज्यपाल कल्याण सिंह से मुलाकात की। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के शपथ ग्रहण के बाद अब सबकी निगाहें गहलोत मंत्रिमंडल के गठन पर टिकी हैं।
मुख्यमंत्री की राज्यपाल कल्याण सिंह से मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल गठन की चर्चाएं तेज हो गई हैं, हालांकि राजभवन सूत्रों ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया है। माना जा रहा है कि अगले सप्ताह मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल का गठन कर नए मंत्रियों को राजभवन में शपथ दिला सकते हैं। मंत्रीपद के दावेदार कई विधायकों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
प्रशासनिक और पुलिस के आला अधिकारियों ने भी सीएमओ में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सीएमओ में तैनात अधिकारियों की बैठक भी ली। उधर, बुधवार सुबह ही मुख्यमंत्री सचिव के तौर पर लगाए गए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कुलदीप रांका और अजीताभ शर्मा ने भी कार्यभार ग्रहण कर लिया है।