सपा-बसपा को साथ लेकर बनाएंगे भाजपा के खिलाफ मोर्चा : गहलोत
गहलोत ने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को उनके खुद के राज्य में जिस प्रकार घेरा, वह पूरा देश देख रहा था।
जयपुर, जेएनएन। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने कहा कि हमारी पार्टी सभी विपक्षी दलों को साथ लेकर भाजपा के लिए खिलाफ मजबूत मोर्चा बनाएगी, इसमें सपा और बसपा को भी साथ लेंगे। गहलोत ने विधानसभा चुनाव परिणाम को लोकसभा चुनावों का संकेत माना है।
भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं था
गहलोत ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को उनके खुद के राज्य में जिस प्रकार घेरा, वह पूरा देश देख रहा था। उसके बाद से वे उठ खड़े नहीं हो पा रहे, वह समझ नहीं पा रहे है कि मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान के परिणाम ऐसे क्यों आ रहे हैं। ये इसलिए आ रहे है क्योंकि उनको इतना घेर दिया गया था कि वह किसी मुद्दे का जवाब नहीं दे पाए, भाजपा ने बिना मुद्दे के चुनाव लड़ा है। वे सत्ता में थे इसलिए वहां पर जो मुद्दा नहीं थे, उनको मुद्दा बनाया गया, कभी गुजरात की बेइज्जती हो रही है, कभी मेरी बेइज्जती हो रही है, कभी पूरी कौम की बेइज्जती हो रही है, ये बातें बोलकर पीएम टेक्निकली चुनाव जीत गए।
ये न भाजपा की जीत थी और न कांग्रेस की हार थी। गहलोत ने कहा कि केन्द्र सरकार ने आरबीआई और सीबीआई का दुरुपयोग किया। बेवजह रॉबर्ट वाड्रा को मुद्दा बनाया जा रहा है, जबकि उनके खिलाफ कोई मामला नहीं है। गहलोत ने आरबीआई गर्वनर के इस्तीफे को भी अपनी बात में जोड़ते हुए कहा कि आने वाले वक्त में आप और परिवर्तन देखेंगे। लोकसभा चुनाव में भाजपा को कड़ी टक्कर मिलेगी।