राजस्थान विस चुनावः अजय माकन ने बेरोजगारी को लेकर वसुंधरा सरकार पर निशाना साधा
Rajasthan Assembly Election 2018. दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि राजस्थान में प्रतिदिन 14 मामले दुष्कर्म के दर्ज हो रहे हैं।
जयपुर, जागरण संवाददाता। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन ने महिला सुरक्षा पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान में प्रतिदिन 14 मामले दुष्कर्म के दर्ज हो रहे हैं। देश में राजस्थान की कुल 5.5 फीसद आबादी है, जबकि देश के 13 फीसद दुष्कर्म के मामले दर्ज होते हैं। महिला अत्याचार में राजस्थान देश में दूसरे स्थान पर है।
अजय माकन ने दावा किया कि वसुंधरा सरकार के खिलाफ लोगों में भारी गुस्सा है और यहां कांग्रेस की सरकार बनेगी। बुधवार को जयपुर में प्रेस वार्ता में अजय माकन ने कहा कि भाजपा ने किसानों से किए वादे पूरे नहीं किए। सरकार ने, किसानों के लिए एमएसपी का स्थाई तंत्र विकसित नहीं किया, बल्कि टोकन सिस्टम से लहसुन की खरीद में फर्जीवाड़ा किया, किसानों को यूरिया के किए कड़कड़ाती ठंड में कतारों में लगना पड़ा। किसानों पर लाठीचार्ज किया गया। सीएम के गृह क्षेत्र में नकली बीज वितरित हो रहे हैं।
माकन ने बेरोजगारी और युवाओं को लेकर भी वसुंधरा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में राष्ट्रीय औसत से दोगुनी बेरोजगारी है। राजस्थान में 14.8 फीसद बेरोजगारी की दर है, जबकि राष्ट्रीय औसत 6.7 फीसद है। बागियों के चुनाव लड़ने के मामले में माकन ने कहा कि इन्हें बागी नहीं, नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता कहिए। वरिष्ठ नेता इन नाराज कार्यकर्ताओं और नेताओं को मनाने में जुटे हुए हैं। कल तक इन्हें मना लिया जाएगा। कांग्रेस बेहतर स्थति में होगी। बागियों का खतरा तो भाजपा को है, जिनके मंत्री तक बागी हैं और बीजेपी उन्हें मना नहीं पा रही है। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनेगी।