Punjab and chandigarh Lok Sabha Election Phase 7 Voting LIVE: हिंसा के बीच पंजाब में अब तक 59.95 फीसद मतदान, तलवंडी साबो में फायरिंग
Lok Sabha Election में पंजाब में मतदान के दौरान हिंसा में एक की मौत हो गई व सात से अधिक घायल हो गए। पंजाब में अब तक 59.95 फीसद और चंडीगढ़ में 63.57 फीसद वोटिंग हुई है।
चंडीगढ़, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019 में पंजाब में सातवें और अंतिम चरण के मतदान में कई जगह हिंसा हुई है। हिंसक घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए। तलवंडी साबो में कांग्रेस और शिअद कार्यकर्ताओं के बीच टकराव के बाद बवाल मच गया। शिअद के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। शिअद कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कांग्रेस के बठिंडा देहाती प्रधान खुशबाज सिंह जटाना ने यहां स्कूल के बाहर बने शिअद के पाेलिंग कैंप पर फायरिंग कर दी। इसके बाद हंगामा हाे गया। फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हो गया। पंजाब में अब तक 59.95 फीसदी मतदान हुआ है। चंडीगढ़ में अब तक 63.57 फीसद मतदान हुआ है। पंजाब व चंडीगढ़ में कई जगहों पर छह बजे के बाद भी मतदान हुआ। चुनाव आयोग का निर्देश है कि जो मतदाता छह बजे तक कतार में लग जाएंगे उनको मतदान करने दिया जाएगा।
तरनतारन में झड़प में कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत, अन्य स्थानों पर नौ घायल, तलवंडी साबो में चलीं गोलियां
तलवंड़ी साबो में फायरिंग के विरोध में शिअद कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में स्कूल के मेन गेट को जाम कर दिया। इससे स्कूल के अंदर बनाए गए बूथ पर मतदान करीब डेढ़ घंटे तक रुका रहा। बाद में कांग्रेस के बठिंडा देहाती के प्रधान खुशबाज सिंह जटानासहित 23 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। शिअद कार्यकर्ताओं का कहना है कि खुशबाज सिंह जटाना मतदान के दौरान कुछ लोगों के साथ स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र के बाहर बन शिअद के कैंप के पास पहुंचे। जटाना ने वहां एक के बाद एक सात गोलियां चलाईं। उनके साथ आए लोगों ने वहां तोड़फोड शुरू कर दी और कुर्सियों आदि तोड़ दीं।
तलवंडी साबो में फायरिंग के बाद जांच करती पुलिस। दाएं- स्कूल के गेट में धंसी गाेली।
इसके बाद अकाली कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया और स्कूल के गेट के बाहर धरना देकर बैठ गए। इस कारण डेढ़ घंटे तक मतदान रुका रहा। बाद में जटाना सहित 11 लोगाें का नामजद करते हुए मामला दर्ज किया गया। 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। इसेे बाद अकाली कार्यकर्ता शांत हुए और मतदान दोबारा शुरू हुआ।
तलवंडी साबो में फायरिंग के बाद हालात।
दूसरी ओर चंडीगढ़ में मतदान शांतिपूर्ण रहा। पंजाब के 13 लाेकसभा क्षेत्रों और चंडीगढ़ में गर्मी के बावजूद मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं। बठिंडा के तलवंडी साबो में भी हिंसा हुई। यहां वार्ड नंबर 8 में अकाली व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भिड़ंत हो गई। अकाली नेता जालौर सिंह घायल बताया जा रहा है। आरोप है कि कांग्रेसियों द्वारा गोली चलाई गई। इस दौरान दोनों दलों के समर्थकों ने वहां जमकर तोड़फोड़ की और कुर्सियां तोड़ दी।
तलवंडी साबो में प्रदर्शन करतीं शिअद की महिला वर्कर्स।
बठिंडा के तलवंडी साबो में शिअद व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भिड़ंत, गाेलियां भी चलीं
खडूर साहिब लाेकसभा क्षेत्र के तरनतारन के गांव सरली में मतदान के दौरान झड़प में एक युवक की मौत हो गई। मारा गया युवक कांग्रेस समर्थक बताया जाता है। वहीं सगरूर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दो गुटों में झड़प हो गई। इसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हाेशियाारपुर में कांग्रेस और भाजपा में भिड़ंत हो गई। इसमें भी कुछ लोग घायल हो गए। फरीदकोट के गांव कांगड़ में शिअद कार्यकर्ताओं पर हमले हुआ। इस घटना में दो लोग घायल हाे गए। गांव कांगड़ में पूर्व मंत्री मलूका की गाड़ी पर पथराव किया गया। इसमें मलूका बाल-बाल बच गए। उधर फिरोजपुर के गांव रमे वाला में वोट डालने जा रहे नंबरदार पर हमला कुछ लोगों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
संगरूर में मतदान के दौरान हुई हिंसा में घायल लोग।
तरनतारन में कांग्रेस समर्थक की मौत, संगरूर में झड़प में चार घायल, फरीदकोट व फिराेजपुर में भी हिंसा
सुबह कई जगह मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं तो कुछ जगहों पर अभी कम संख्या में वोटर आएहैं। कुछ जगहों पर ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें भी आईं। इस वजह से मतदान शुरू होने में देरी हुई। मतदान के लिए कडी़ सुरक्षा की गई थी। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और छह बजे के बाद भी जारी रहा।
संगरूर में चुनावी हिंसा में घायल शिअद कार्यकर्ता। साथ में पूर्व मंत्री सिकंदर सिंह मलूका।
पंजाब में मतदाताओं ने कुल 13 सीटों पर 24 महिलाओं सहित 278 उम्मीदवारों की तकदीर का फैसला कर दिया। इसी तरह चंडीगढ़ सीट पर मतदाता नौ महिलाओं सहित 36 उम्मीदवारों की तकदीर का फैसला वोटरों ने किया। राज्य में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए अर्द्धसैनिक बलों के 30 हजार और पंजाब पुलिस के 72 हजार जवान तैनात किए गए थे।
पंजाब में सबसे कम होशियारपुर (अजा) संसदीय सीट से सबसे कम आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। अमृतसर से सबसे ज्यादा उम्मीदवार 30 उम्मीदवार चुनाव लड़े। राज्य में कुल 23,213 मतदान केंद्र बनाए गए थे। गुरदासपुर, अमृतसर, खडूर साहिब, जालंधर (अजा), होशियारपुर (अजा), आनंदपुर साहिब, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब (अजा), फरीदकोट (अजा), फिरोजपुर, बठिंडा, संगरूर, पटियाला व चंडीगढ़ में सातवें चरण में शाम 6 बजे तक मतदान हुआ।
अमृतसर में वोटिंग के लिए कतार में लगे मतदाता।
वहीं चंडीगढ़ में कुल 36 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे, जिनमें नौ महिलाएं थी। इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 597 मतदान केंद्र बनाए गए। चंडीगढ़ निर्वाचन क्षेत्र में कुल 6,46,084 मतदाता हैं, जिनमें 3,41,640 पुरुष मतदाता हैं; 3,04,423 महिला मतदाता और 21 मतदाता थर्ड जेंडर के हैं।
- 07.24 PM: पंजाब में 59.95 फीसद और चंडीगढ़ में 63.57 फीसद वोटिंग हुई है।
अब तक वोटिंग
चंडीगढ़ - 63.57 फीसद
गुरदासपुर- 61.85 फीसद
अमृतसर- 53.49 फीसद
खडूर साहिब- 56.77 फीसद
जालंधर- 60.85 फीसद
होशियारपुर- 59.39 फीसद
आनंदपुर साहिब- 56.76 फीसद
लुधियाना- 57.69 फीसद
फतेहगढ़ साहिब- 59.05 फीसद
फरीदकोट- 57.39 फीसद
फिरोजपुर- 63.11 फीसद
बठिंडा- 63.88 फीसद
संगरूर- 64.49 फीसद
पटियाला- 64.18 फीसद
- 07.00 PM: पंजाब में अब तक 59.51 फीसद और चंडीगढ़ में 63.35 फीसद वोटिंग हुई है।
- 05.25 PM: पंजाब और चंडीगढ़ में शाम के समय मतदान में तेजी आई। अब तक 58.54 फीसद और चंडीगढ़ में 63.35 फीसद वोटिंग हुई है।
- 05.10 PM: पंजाब में अब तक 51.78 फीसदी मतदान हुआ है। चंडीगढ़ में अंतिम समाचार मिलने तक 51.18 फीसद मतदान हुआ है। बूथों पर अभी भी मतदाताओं की कतार लगी हुई हैं।
- 04.58 PM: पंजाब में अब तक 49.11 फीसदी मतदान हुआ है। चंडीगढ़ में अंतिम समाचार मिलने तक 51.18 फीसद मतदान हुआ है।
- 03.58 PM: पंजाब में साढ़े तीन बजे तक 48.74 फीसद मतदान हुआ है। चंडीगढ़ में 51.18 फीसद वोटिंग हुई है। बूथों पर अभी भी लोगों की कतारें लगी हैं।
- 01.39 PM: पंजाब में अब तक 37.86 फीसद वाेटरों ने अपले मताधिकार का इस्तेमाल किया है। चंडीगढ़ में 37.50 फीसद वोटिंग हुई है। बूथों पर अब भी लोगों की लंबी कतारें लगी हैं।
- 01.20 PM: ताजा समाचार मिलने तक चंडीगढ़ में 35.60 फीसद वोटिंग हुई है। बूथों पर लोगों की लंबी कतारें लगी हैं।
- 01.12 PM: पंजाब में अब तक 28.94 फीसद वोटिेंग हुई है। भीषण गर्मी के बावजूद बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हुई है।
गुरदासपुर में मतदान के लिए कतार में लगे मतदाता।
- 01.01 PM: पंजाब में अब तक 24.29 फीसद वोटिेंग हुई है।
- 12.57 PM: पंजाब में अब तक 23.45 फीसद वोटिेंग हुई है।
- 12.41 PM: बठिंडा के तलवंडी साबो में भी हिंसा हुई है। यहां वार्ड नंबर 8 में अकाली व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भिड़ंत हो गई। अकाली नेता जालौर सिंह घायल हैं। आरोप है कि कांग्रेसियों द्वारा गोली चलाई गई है।
12.16 PM: पंजाब में ताजा समाचार मिलने तक 23.45 फीसद और चंडीगढ़ में 22.30 फीसद मतदान हुआ है।
12.16 PM: फिरोजपुर के गांव रमे वाला में वोट डालने जा रहे नंबरदार पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उस पर किरपाण से हमला किया गया। घायल अंग्रेज सिंह को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अंग्रेज सिंह का कहना है कि वह अपने घर से मतदान करने के लिए जा रहा था, कि तीन अकाली पार्टी से जुड़े लोगों ने उसका रास्ता रोककर उस पर किरपाण से हमला कर दिया।
-12.12 PM: बताया जाता है कि पुलिस ने हमलावरों पर लाठीचार्ज किया।
-11.58 AM: फरीदकोट संसदीय क्षेत्र के गांव कांगड़ में शिअद कार्यकर्ताओं पर हमले की सूचना है। इस घटना में दो लोग घायल हाे गए। गांव में पूर्व मंत्री सिकंदर सिंह मलूका की गाड़ी पर पथराव किया गया। इसमें मलूका बाल-बाल बच गए।
-11.32 AM: संगरूर के गांव इलवाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। इसमें चार लोग घायल हो गए।
पठानकोट में मतदान के लिए कतार में लगे मतदाता।
-11.27 AM: पंजाब में अब तक 23.06 फीसद मतदान हुआ है। चंडीगढ़ में अंतिम समाचार मिलने तक 18.70 फीसद वोटिंग हुई है।
-11.20 AM: पंजाब में अब तक 21.64 फीसद मतदान हुआ है। चंडीगढ़ में अंतिम समाचार मिलने तक 18.70 फीसद वोटिंग हुई है।
-11.5 AM: तरनतारन के गांव सरली में पोलिंग के दौरान झड़प में मारे गए युवक का नाम बंटी बताया जाता है। उसके पिता का नाम चरणजीत सिंह है। मतदान केंद्र के बाहर दो गुटों में भिड़ंत हो गई और हमले में बंटी की मौत हो गई। हमला करने वाले क्रांति सेना के वर्कर बताए जा रहे हैं और शिरोमणि अकाली दल की प्रत्याशी बीबी जागीर कौर के समर्थक हैं।
-11.04 AM: पंजाब में अब तक 11.26 फीसद मतदान हुआ है।
-10.35 AM: तरनतारन के गांव सरली में पोलिंग के दौरान झड़प में एक नौजवान की मौत का समाचार। मारा गया युवक कांग्रेस समर्थक बताया जा रहा है।
- 10.21 AM: पंजाब में अब तक 10.01 फीसद वाेटिंग।
- 10.17 AM: चुनाव में युवाओं के संग-संग मतदान करने का जज्बा दिख रहा है। मतदान केंद्रों पर बजुर्गों और पहली बार मतदान करने वालों को सम्मानित भी किया जा रहा है। मुक्तसर साहिब के गांव बादल में बूथ नंबर 118 पर वोट डालने के 100 साल की महिला भजन कौर पहुंची।
- 10.15 AM: अमृतसर के नॉर्थ विधानसभा हलके के बूथ नंबर 176 में 93 साल के वृद्ध राजनाथ मल्होत्रा को मतदान करने के बाद चुनाव अधिकारी ने प्रशंसा पत्र दिया गया।
- 10.13 AM: गुरदासपुर के गांव कोट मोहन लाल में कांग्रेस के दो गुट आपस में भिड़े। सरपंच के बेटे सहित दो घायल।
- 9.55 AM : पंजाब में अब तक 9.94 फीसद वोटिंग हुई है।
- 9.36 AM :चंडीगढ़ में अब तक 10.40 फीसद वोटिंग हुई है।
- 9.35 AM : पंजाब में अब तक 9.66 फीसद वोटिंग हुई है।
बाघापुराना के ग्राम जीता सिंह वाला में वोट डालने पहुंची एकमजीत कौर केक काटती हुई।
- 9.28 AM : मोगा के बाघापुराना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जीता सिंह वाला में पहली बार वोट डालने पहुंची एकमजीत कौर का मतदान केंद्र पर जन्मदिन मनाया गया। सहायक रिटर्निग अफसर एवं अन्य स्टाफ इस अवसर पर एकमजीत से केक कटवाया और उनको ताेहफे दिए।
- 8.48 AM : अबोहर में महात्मा गांधी स्कूल वार्ड नंबर 18 के बूथ नंबर 76 ईवीएम में आई खराबी। मतदान प्रभावति हुई। जंडवाला हनुमन्ता में भी ईवीएम खराब होने से वोटिंग रुकी।
- 8.16 AM : बठिंडा शहर में कई स्थानों पर ईवीएम में खराबी आई। वार्ड नंबर 12 और 37 में मशीन की खराबी के चलते वोटिंग रुकी। वार्ड नंबर 14 के बूथ नंबर 97 पर भी वोटिंग देर से शुरू हुई।
पटियाला के पोलो टेक्निकल कॉलेज में वोट डालने के लिए लाइनों में खड़े लोग।
- 8.12 AM : अमृतसर के मजीठा क्षेत्र में ईवीएम में खराबी आने के कारण बूथ नंबर 36 ओर 37 पर वोटिंग देरी से शुरू हुई! इस कारण लोगों की लंबी लाइन लग गई। मशीन बदले जाने के बाद वोटिंग शुरू हुई।
- 8.06 AM : पठानकोट के सुजानपुर के बूथ नंबर 87 भरोली कलां में 20 मिनट बंद रही ईवीएम। अब मशीन सही से काम कर रही है।
- 7.59 AM : पटियाला के तरिपड़ी टाउन के सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थित बूथ नंबर 125 वोटिंग का काम आधा घंटा देरी से शुरू हुआ है। ईवीएम में कुछ दिक्कत आई।
मोगा में सजा-धजा एक मतदान केंद्र।
- 7.52 AM : संगरूर लोक सभा हलका के बरनाला शहर के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल लड़के में बूथ नंबर 78 पर सुबह से मशीन खराब है। सुबह 6:30 बजे से लाइनों में लगे वोटरों में नाराजगी।
- 7.48AM : लुधियाना के रेड रोज स्कूल में ईवीएम मशीन खराब होने से मतदान में बाधा आई। अब ईवीएम बदला गया।
-7.40 AM: गुरदासपुर, पटियाला, अमृतसर और हाेशियारपुर में भी मतदान केंद्रों पर वाेटरों की लंबी कतारें लगी हैं।
- 7.34 AM: बठिंडा शहर हलके के बूथ नंबर 37 की ईवीएम मशीन खराब होने से मतदान में बाधा आई। लाेग कतार में इंतजार कर रहे हैं।
- 7.32 AM: क्रिकेटर हरभजन सिंह जालंधर के सरकारी स्कूल गढ़ा के पोलिंग बूथ पर मतदान करने पहुंचे।
- 7.30 AM: गांव बादल में बूथ नंबर 118 पर बादल परिवार के वोट डालने से पहले डॉग्स स्काउट की टीम ने जांच की।
- 7.27 AM: राज्य की सभी सीटों पर लोगों में वोट डालने के लिए उत्साह। महिलाएं भी वोट डालने काफी संख्या में पहुंच रही हैं। जालंधर, चंडीगढ़ सहित सभी क्षेत्रों में काफी संख्या में मतदाता वोट डालने आ रहे हैं।
मुकतसर साहिब में वाेट डालने के लिए कतार में लगे मतदाता।
- 7.26 AM: मोबाइल लेकर पोलिंग बूथ में जाने से वोटरों को रोका जा रहा है। रूपनगर में वोटर बाहर लोगों को बाहर मोबाइल पकड़ा कर वोट डाल रहे हैं।
- 7.21 AM: रूपनगर में नगर परिषद के बूथ नंबर 151 में एवीएम में आई खराबी। मोक पोल में मशीन ठीक चली थी।
- 7.16 AM: लुधियाना के बूथ नंबर 96 से 100 तक अब मतदान शुरू हो गया है।
- 7.15 AM: मोगा के मिशन स्कूल के बूथ नंबर 90 में ईवीएम मशीन खराब होने के कारण अभी तक मतदान शुरू नहीं हो सका है। इसी बूथ पर पूर्व कृषि मंत्री जत्थेदार तोता सिंह को वोट डालना है। वह और उनकी पत्नी लोगों के साथ बाहर खड़े इंतजार कर रहे हैं।
- 7.12 AM: लुधियाना के बूथ नंबर 96 से 100 तक अभी मतदान शुरू नहीं हो सका।
- 7.10 AM: कई जगह मतदान केंद्रों को सुंदर तरीके से सजाया गया है।
- 7.01 AM: पंजाब में लाेकसभा की 13 सीटों ओर चंडीगढ़ की एक सीट पर मतदान शुरू
बादल गांंव में मतदान के बाद पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल का परिवार।
मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ एस करुणा राजू ने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए जहां-जहां बूथ अति संवेदनशील व संवेदनशील हैं वहां पर अतिरिक्त फोर्स लगाई गई है। पैरा मिलिट्री फोर्स की 230 कंपनियां लगा दी गई हैं। इसके अलावा 72 हजार पंजाब पुलिस के जवान भी सुरक्षा में तैनात रहेंगे।
अटवाल सबसे उम्रदराज
पंजाब की 13 लोकसभा सीटों से भाग्य आजमा रहे 278 उम्मीदवारों में जालंधर से अकाली दल-भाजपा प्रत्याशी चरनजीत सिंह अटवाल सबसे उम्रदराज हैं। उनकी उम्र 82 वर्ष है। वहीं, चार आजाद उम्मीदवार सबसे कम आयु के हैं। पटियाला से ऋषभ शर्मा, गुरदासपुर से परमप्रीत सिंह, अमृतसर से गौतम और शुभम कुमार मात्र 25 वर्ष के हैं।
पंजाब कुल उम्मीदवार- 24 महिलाओं सहित 278
चंडीगढ़ में कुल उम्मीदवार-नौ महिलाओं सहित 36
-----
कुल मतदान केंद्र
पंजाब - 23,213
सर्विस वोटर- 1 लाख से ज्यादा
चंडीगढ़- 597
सुरक्षा
अर्द्धसैनिक बलों के जवान- 30 हजार
पंजाब पुलिस के जवान- 75 हजार जवान।
--------
मतदाता
पंजाब
कुल मतदाता- 2,08,92,674
पुरुष मतदाता- 1,10,59,828
महिला मतदाता- 98,32,286 महिला मतदाता
थर्ड जेंडर मतदाता - 560
चंडीगढ़-
कुल मतदाता- 6,46,084
पुरुष मतदाता- 3,41,640
महिला मतदाता- 3,04,423
थर्ड जेंडर मतदाता- 21 मतदाता
कहां कितने मतदाता
संसदीय क्षेत्र का नाम | पुरुष | महिला | थर्ड जेंडर | कुल मतदाता |
गुरदासपुर | 849761 | 745479 | 44 | 1595284 |
अमृतसर | 801639 | 766178 | 58 | 1507875 |
खडूर साहिब | 867895 | 770874 | 73 | 1638842 |
जालंधर | 843598 | 773400 | 20 | 1617018 |
होशियारपुर | 832025 | 765445 | 30 | 1597500 |
आनंदपुर साहिब | 889506 | 809328 | 42 | 1698876 |
लुधियाना | 903624 | 779630 | 71 | 1683325 |
फतेहगढ़ साहिब | 799731 | 703099 | 31 | 1502861 |
फरीदकोट | 818244 | 723690 | 37 | 1541971 |
फिरोजपुर | 862955 | 755429 | 35 | 1618419 |
बठिंडा | 861387 | 760264 | 20 | 1621671 |
संगरूर | 814856 | 714551 | 25 | 1529432 |
पटियाला | 914607 | 824919 | 74 | 1739600 |
चंडीगढ़ | 3,41,640 | 3,04,423 | 21 | 6,46,084 |
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप