भाजपा आज करेगी तय- सेलिब्रिटी या कोई और, तीन सीटों के लिए कर सकती है प्रत्याशी घाेषित
भाजपा आज पंजाब में अपने हिस्से की तीन सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है। ऐसे में साफ हो जाएगा कि पार्टी सेलिब्रेटी को मैदान में उतारती है या किसी स्थानीय नेता को।
चंडीगढ़,[कैलाश नाथ]। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा पंजाब में शिअद से गठबंधन के अपने हिस्से की तीन सीटों पर उम्मीदवाराें की घोषणाआज कर सकती है। पिछले कुछ समय से चर्चाएं चल रही हैं कि भाजपा अपने हिस्से की गुरदासपुर, हाेशियारपुर और अमृतसर सीटों में से दो पर किसी बॉलीवुड स्टार या बड़ी सेलिब्रटी को मैदान में उतार सकती है। इनमें सनी देयोल और विनोद खन्ना के पुत्र अक्षय खन्ना के नाम की भी चर्चा है। संभावना है कि आज देर शाम तक प्रत्याशियों के नाम घोषित की जा सकती है।
जानकारी के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली के उम्मीदवारों को लेकर बैठक बुलाई हुई है। अभी तक भाजपा ने पंजाब की अपनी तीनों सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की थी। भाजपा प्रत्याशियों पर कांग्रेस की भी नजर है। गुरदासपुर से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ का मुकाबला भाजपा के किससे होगा इस पर भी लोगोें की नजर है।
वैसे, यह तय माना जा रहा है कि भाजपा अमृतसर और गुरदासपुर में किसी सेलीब्रिटी को उतार सकती है। लेकिन, यह सेलिब्रटी कौन होगा इसे लेकर भाजपा के नेता कोई संकेत नहीं दे रहे। पार्टी ने भी अभी अपने पत्ते नहीं खोले। चर्चा यह भी है कि भाजपा चंडीगढ़ से किरण खेर का टिकट काट उन्हें अमृतसर से उतार सकती है। वहीं, फिल्म अभिनेता सनी देओल का नाम भी चर्चाओं में है।
गुरदासपुर सीट से विनोद खन्ना के बेटे अक्षय खन्ना या कविता खन्ना के नाम हमेशा ही चर्चा में रहे हैं। दूसरी ओर, होशियारपुर सीट से सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला पर पार्टी पुन: भरोसा जताएगी, इसकी संभावना भी कम नजर आ रही है। माना जा रहा है कि भाजपा होशियारपुर सीट से नए चेहरे पर दांव खेलेगी। ऐसे में फगवाड़ा से विधायक सोम प्रकाश अग्रिम पंक्ति में खड़े नजर आ रहे है।
अहम पहलू यह है कि अकाली दल ने 10 में आठ सीटों पर अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। जबकि कांग्रेस ने भी 13 में से 11 सीटों पर उम्मीदवार उतार दिए है। अकाली दल और कांग्रेस दोनों ने ही केवल बठिंडा और फिरोजपुर सीट पर अपने उम्मीदवार नहीं खड़े किए है। दोनों ही पार्टियां एक दूसरे के प्रत्याशियों की घोषणा का इंतजार कर रही है।
भाजपा जिन तीन सीटों अमृतसर, गुरदासपुर और होशियारपुर सीट पर चुनाव लड़ती है, उन सभी सीटों पर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। ऐसे में अब केवल इंतजार भाजपा के पत्ते खोलने का रहा है। माना जा रहा है कि भाजपा आज अपना सस्पेंस खत्म कर देगी।