Maharashtra Assembly Elections 2019: एनसीपी नेता अजीत पवार ने दिया इस्तीफा
Maharashtra Assembly Elections 2019. महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता अजीत पवार ने इस्तीफा दे दिया है।
मुंबई, एएनआइ। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 से पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) को एक और झटका लगा है। एनसीपी नेता अजीत पवार ने शुक्रवार को विधायक और विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि अभी तक अजीत पवार ने यह खुलासा नहीं किया है कि वह किस पार्टी में शामिल होंगे।
सूत्रों के मुताबिक, अजीत पवार जल्द ही किसी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में वह अहम भूमिका निभाएंगे।
गौरतलब है कि अब तक एनसीपी और कांग्रेस के कई नेता इस्तीफा दे चुके हैं। साथ ही, कई नेता एक पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टी में शामिल हो चुके हैं।
महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को होंगे चुनाव, 24 अक्टूबर को घोषित होंगे नतीजे
चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा का चुनावी बिगुल फूंक दिया है। दोनों ही राज्यों में मतदान 21 अक्टूबर को एक ही चरण में होगा और वोटों की गिनती 24 अक्टूबर को की जाएगी। चुनाव की घोषणा के साथ ही दोनों राज्यों में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है। आयोग ने फिलहाल झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा नहीं की है। केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के दोबारा सत्ता संभालने और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाए जाने के बाद यह भाजपा की पहली चुनावी परीक्षा है।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने शनिवार को हरियाणा और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा करते हुए बताया कि आयोग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। हरियाणा में कुल 1.82 करोड़ वोटर हैं और यहां 19,425 मतदान केंद्रों पर 1.3 लाख ईवीएम मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं, 8.94 करोड़ मतदाता वाले महाराष्ट्र में 95,473 मतदान केंद्रों पर 1.8 लाख ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा। हरियाणा में दो नवंबर और महाराष्ट्र में नौ नवंबर को विधानसभा का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है। चुनाव आयोग के मुताबिक महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना 27 सितंबर को जारी की जाएगी। नामांकन की आखिरी तारीख चार अक्टूबर होगी, जबकि नामांकन पत्रों की जांच पांच अक्टूबर को होगी। नाम वापस लेने की आखिरी तारीख सात अक्टूबर तय की गई है।
महाराष्ट्र की दलीय स्थिति (2014)
विधानसभा की कुल सीटें 288
भाजपा 122
शिवसेना 63
कांग्रेस 42
राकांपा 41
अन्य 20
लोकसभा चुनाव 2019 की स्थिति
कुल सीटें 48
भाजपा 23
शिवसेना 18
राकांपा और कांग्रेस 5
अन्य 02