Maharashtra Assembly Elections 2019: पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना
Maharashtra Assembly Elections 2019 महाराष्ट्र में सोमवार को चुनाव होने हैं। पोलिंग पार्टियां को चुनावी सामग्री के साथ मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गई हैं।
नागपुर, एएनआइ।Maharashtra Assembly Elections 2019: महाराष्ट्र में सोमवार को एक ही चरण में 288 विधानसभा सीटों पर चुनाव होने हैं। पोलिंग पार्टियां ईवीएम और चुनावी सामग्री के साथ मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गई हैं। चुनाव आयोग ने अपनी कमर कस ली है। मतदान के दौरान हिंसा न हो इसके लिए सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता कर लिया गया है।
मुंबई पुलिस ने कहा की महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था मद्देनजर मुंबई में 40 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। इस दौरान निगरानी के लिए ड्रोन का उपयोग किया जाएगा। मुंबई पुलिस के प्रवक्ता प्रणय अशोक ने कहा, '21 अक्टूबर को महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके मद्देनजर, मुंबई में लगभग 40 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।'
ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जाएगा
उन्होंने आगे कहा कि मुंबई में 1,537 स्थानों पर 9,894 मतदान केंद्र हैं। इनमें से 270 मतदान केंद्रों को संवेदनशीलघोषित किया गया है, जहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत काफी होगी। मुंबई पुलिस के प्रवक्ता ने आगे कहा कि इस दौरान ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जाएगा और मुंबई पुलिस की सोशल मीडिया टीम निगरानी रखेगी। इसके अलावा फ्लाइंग स्क्वॉड भी तैनात किया जाएगा।
सीएपीएफ और सीआरपीएफ की 12 कंपनियां भी शहर में तैनात
अशोक ने कहा कि इसके अलावा, 2,700 होमगार्ड, सीएपीएफ की 22 कंपनियां और सीआरपीएफ की 12 कंपनियां भी शहर में तैनात की जाएंगी। इसके अलावा, विधानसभा चुनाव के संबंध में धारा 107 के तहत 3,860 लोगों, धारा 110 के तहत 1,279 लोगों, धारा 109 के तहत 292 लोगों और धारा 149 के तहत 1,979 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
हरियाणा में भी चुनाव
बता दें कि इसी दिन महाराष्ट्र के साथ-साथ हरियाणा में भी चुनाव होना है। शनिवार को दोनों राज्यों में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार समाप्त हो गया। प्रचार के अंतिम राजनीतिक नेताओं ने रैलियों और रोड शो के माध्यम से मतदाताओं को लुभाने के लिए सभी प्रयास किए। दोनों राज्यों के चुनाव के परिणाम 24 अक्टूबर को आएंगे।