Move to Jagran APP

Maharashtra Assembly Election 2019: 288 विधानसभा सीटों पर वोटिंग खत्म, 60.25 फीसदी मतदान

Maharashtra Assembly Election 2019 महाराष्ट्र की 288 सीटों पर 60.25 फीसदी मतदान।

By Shashank PandeyEdited By: Published: Mon, 21 Oct 2019 07:00 AM (IST)Updated: Mon, 21 Oct 2019 06:24 PM (IST)
Maharashtra Assembly Election 2019: 288 विधानसभा सीटों पर वोटिंग खत्म, 60.25 फीसदी मतदान
Maharashtra Assembly Election 2019: 288 विधानसभा सीटों पर वोटिंग खत्म, 60.25 फीसदी मतदान

नई दिल्ली, जेएनएन। Maharashtra Assembly Election 2019, महाराष्ट्र विधानसभा सीटों के लिए मतदान खत्म हो गया है। राज्य की 288 सीटों के लिए 60.25 फीसदी मतदान हुआ। सीएम देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी और शिवसेना के आदित्य ठाकरे समेत कई बड़े नेताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। इस दौरान कई फिल्मी हस्तियों ने भी मतदान केंद्रों तक पहुंचकर अपना वोट डाला और लोगों से वोट डालने की अपील की।

loksabha election banner

बता दें, महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन(एनडीए) और कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के बीच मुख्य मुकाबला है। भाजपा गठबंधन की बात करें तो भाजपा 150 सीटों पर चुनाव लड़ रही है तो वहीं शिवसेना 124 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं अगर बात कांग्रेस की बात करें तो उसने 147 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, वहीं एनसीपी 121 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

महाराष्ट्र विधानसभा सीट की बात की जाए तो यहां 288 सीटों के लिए कुल 3237 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, इनमें 235 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। राज्य में कुल 9 करोड़ मतदाता हैं।  राज्य में कुल सवा चार करोड़ से ज्यादा महिला मतदाता हैं।

Maharashtra Chunav 2019

पुणे: 102 साल के बुजुर्ग ने अपने परिवार के साथ लोहेगांव के पोलिंग बूथ पर मतदान किया। उन्होंने कहा कि मैं पिछले 4 दिन से अस्पताल में भर्ती था, लेकिन आज अपना वोट डालने आया हूं। मैं सभी से वोट डालने का अनुरोध करता हूं।

दोपहर 3 बजे तक मुंबई शहर में 35 फीसदी जबकि पूरे महाराष्ट्र में 43.78 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई।

मुंबई: जुहू के मतदान केंद्र पर जया बच्चन, अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन ने अपना वोट डाला।

शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान ने बांद्रा पश्चिम में मतदान केंद्र नंबर 177 पर अपना वोट डाला।

मुंबई: चुनाव आयोग की अधिकारी सुषमा सतपुते ने बताया कि वर्ली विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 62 पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कुछ समस्या थी, लेकिन मशीन को बदल दिया गया है, फिलहाल मतदान जारी है।

अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने बांद्रा(पश्चिम) पहुंचकर अपना वोट डाला।

अभिनेत्री शबाना आजमी और गीतकार जावेद अख्तर ने मुंबई में अपना वोट डाला।

महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग जारी है। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक दोपहर 1 बजे तक 30.89 फीसदी मतदान हुआ है।

अभिनेता ऋतिक रोशन और अनिल कपूर ने अंधेरी(पश्चिम) के एक पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला।

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता धर्मेंद्र प्रधान ने विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत को लेकर बड़ा दावा किया है। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि भाजपा दोनों ही राज्यों(हरियाणा और महाराष्ट्र) में सरकार बनाने जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि लोग प्रधानमंत्री मोदी, उनके दर्शन और उनकी नीतियों का समर्थन करते रहेंगे।'

अभिनेत्री और भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने मुंबई के अंधेरी(पश्चिम) में एक मतदान केंद्र पहुंचकर अपना वोट डाला।

मुंबई में आज केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एक पोलिंग बूथ पर पहुंची और अपना वोट डाला। इस दौरान उनके साथ लोगों ने तस्वीरें भी खिंचाईं। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अपना वोट डालने के बाद कहा कि आज के हीरो खन्ना जी (उनके बगल में खड़े व्यक्ति) हैं। उन्होंने सेना में सेवा की थी। वह 93 साल के हैं मतदान करने के लिए बाहर आए। यह एक प्रेरणा है, लोगों से बाहर आने और वोट करने का अनुरोध करें, अगर 93 सालों में वह वोट दे सकता है, तो आपको कौन रोक रहा है ?

एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने मुंबई में अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि मैं सभी से निवेदन करता हूं कि वे बाहर आएं और बड़ी संख्या में मतदान करें, यह लोकतंत्र का उत्सव है।

अभिनेता गोविंदा ने अंधेरी(पश्चिम) में अपनी पत्नी सुनीता के साथ पहुंचकर वोट डाला।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि और बेटे अर्जुन के साथ बांद्रा(पश्चिम) के एक मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपना वोट डाला।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र चुनावों में भाजपा की जीत का दावा किया है। गडकरी ने कहा कि महाराष्ट्र में पिछले 5 सालों में महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने जो काम और विकास किया है, उसे देखते हुए मुझे यकीन है कि हमारे पास रिकॉर्ड तोड़ जीत होगी।

11 बजे तक महाराष्ट्र में वोटिंग जारी

महाराष्ट्र में फिलहाल वोटिंग जारी है। समाचार एजेंसी पीटीआइ के मुताबिक यहां सुबह 11 बजे तक कुल मिलाकर 17.5 फीसदी मतदान हुआ है। महाराष्ट्र में वोटिंग के पहले चार घंटों में सुस्ती नजर आ रही है। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी है। चुनाव अधिकारियों ने कहा कि उत्तरी मुंबई में मैगाथेन सुबह 11 बजे तक 19.20 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। पालघर जिले में आदिवासी दहानू 26.31 दर्ज किया गया।

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और खलनायक की भूमिका निभाने वाले प्रेम चोपड़ा और निर्देशक एवं गीतकार गुलज़ार ने बांद्रा(पश्चिम) के एक मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया।

शिवसेना की ओर से उम्मीदवार आदित्य ठाकरे अपने पूरे  परिवार के साथ वोट डालने मुंबई के बांद्रा(पूर्व) के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे।  शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, पत्नी रश्मि और बेटे आदित्य और तेजस के साथ यहां पहुंचे। आदित्य ठाकरे वर्ली सीट से शिवसेना के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसा करने वाले वह ठाकरे परिवार के इकलौते सदस्य हैं।

महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग जारी है। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक यहां सुबह 10 बजे तक 5.77 फीसदी मतदान हुआ है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पत्नी अमृता और मां सरिता के नागपुर के एक मतदान केंद्र पहुंचकर अपना वोट डाला।

महाराष्ट्र चुनावों में आज वोटिंग जारी है। फिल्मी सितारे भी आज अपने वोटिंग अधिकारों का इस्तेमाल कर रहे हैं। अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने आज बांद्रा(पश्चिम) में अपना वोट डाला। 

इसके साथ ही अभिनेता रितेश देशमुख ने पत्नी जेनेलिया डिसूजा के साथ लातूर विधानसभा क्षेत्र में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। बता दें, उनके दो भाई इन चुनावों में अपनी किस्मत आजमाने उतरे हैं। रितेश के भाई अमित देशमुख लातूर शहर से चुनाव लड़ रहे हैं तो लातूर ग्रामीण सीट से उनके दूसरे भाई धीरज देशमुख अपना भाग्य आजमा रहे हैं। दोनों कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

महाराष्ट्र के पुणे में शिवाजी नगर के एक मतदान केंद्र पर बिजली कट गई। यहां फिलहाल मतदान चल रहा है। यहां उसके बाद मोमबत्तियां जलाकर काम किया गया। फिलहाल यहां मतदान जारी है।

पूर्व टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति अपनी पत्नी और अभिनेत्री लारा दत्ता के साथ बांद्रा(पश्चिम) पहुंचे और अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

अभिनेता आमिर खान बांद्रा (पश्चिम) में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डालने के लिए पहुंचे, यहां आमिर ने लोगों से ज्यादा संख्या में बाहर निकलकर वोट करने की अपील करते हुए कहा कि मैं महाराष्ट्र के सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि वे बाहर निकलें और बड़ी संख्या में मतदान करें।

महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा के लिए मतदान जारी है।  समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक यहां सुबह 9 बजे तक करीब 5.46 फीसदी मतदान हुआ है।

मुंबई के जूहू में एक मतदान केंद्र पर दिव्यांग दंपति ने अपना वोट डाला।

पूर्व गृह मंत्री और कांग्रेस नेता सुशील कुमार शिंदे ने पत्नी उज्ज्वला और बेटी प्रणति शिंदे के साथ सोलापुर में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उनकी बेटी प्रणति शिंदे कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में सोलापुर सेंट्रल से  चुनाव लड़ रही है।

महाराष्ट्र के लातूर में लोग भारी बारिश के बीच वोट डालने पहुंचे। लातूर में आज वोटिंग के दिन भारी बारिश हुई लेकिन इसके बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई।

गोरखपुर से भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन ने मुंबई के गोरेगांव और अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे ने अंधेरी (पश्चिम) निर्वाचन क्षेत्र में मतदान केंद्रों पर अपने वोट डाले।

वरिष्ठ एनसीपी नेता प्रफुल पटेल और उनकी पत्नी वर्षा ने गोंदिया विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। भाजपा से गोपाल अग्रवाल और कांग्रेस से अमर वरडे इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

एनसीपी की वरिष्ठ नेता सुप्रिया सुले ने बारामती पहुंचकर अपना वोट डाला। उनके चचेरे भाई और एनसीपी उम्मीदवार अजीत पवार बारामती सीट से भाजपा के गोपीचंद पाडलकर के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपना वोट डाला, उनकी पत्नी कंचन ने भी इस दौरान मतदान किया।

मुंबई में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल अपना वोट डालने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा-शिवसेना गठबंधन लगभग 225 सीटों पर जीत हासिल करेगा, विपक्ष सभी विश्वसनीयता खो चुका है और कहीं नहीं है। लोग मोदी जी और फडनवीस जी के साथ हैं।

बॉलीवुड अभिनेत्री शुभा खोटे ने मुंबई के अंधेरी पश्चिम सीट के लिए अपना वोट डाला।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता और बारामती से प्रत्याशी अजीत पवार ने अपना वोट डाला है। वह भाजपा के गोपीचंद पडलकर के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण और महाराष्ट्र सरकार के शिक्षा मंत्री आशीष शेलार ने भी अपना वोट डाला।

महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष हरिभाऊ बागड़े ने औरंगाबाद जिले में अपना वोट डाला। इसके साथ ही राज्य के आवास मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल और उनके परिवार के सदस्यों ने अहमदनगर के शिरडी में अपना वोट डाला।

मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर जूलिया रिबेरो ने वर्ली विधानसभा सीट के लिए अपना वोट डाला।

आरएएसएस के सर संघचालक मोहन भागवत ने आज नागपुर में सुबह-सुबह अपना वोट डाला। नागपुर के महल क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर उन्होंने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। 

महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। महाराष्ट्र के मालाबार हिल विधानसभा क्षेत्र में एक मतदाता ने बूथ नंबर 244-250 पर अपना वोट डाला।  भाजपा के लिए मंगल प्रभात लोढ़ा और कांग्रेस के लिए हीरा देवासी इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

पीएम मोदी ने महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा सीटों के लिए हो रहे मतदान से पहले एक संदेश दिया। पीएम ने मतदाताओं से वोटिंग के लिए अपील करते हुए एक ट्वीट किया। पीएम ने कहा कि हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभाओं के लिए चुनाव हो रहे हैं। भारत के विभिन्न हिस्सों में भी उपचुनाव हो रहे हैं। मैं इन राज्यों और सीटों के मतदाताओं से आग्रह करता हूं कि वे रिकॉर्ड संख्या में मतदान करें और लोकतंत्र के त्योहार को समृद्ध करें। मुझे उम्मीद है कि युवा बड़ी संख्या में मतदान करेंगे।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में दिग्गज

महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में प्रमुख उम्मीदवारों की बात की जाए तो यहां प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी शामिल हैं। नागपुर दक्षिण-पश्चिम से फडणवीस के अलावा नांदेड़ जिले की भोकर सीट से कांग्रेस के अशोक चव्हाण चुनाव लड़ रहे हैं। पृथ्वीराज चव्हाण सातारा जिले के कराड दक्षिण से चुनाव लड़ रहे हैं। शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे मुंबई की वर्ली सीट से चुनावी मैदान में उतरे हैं।

बता दें, महाराष्ट्र की 288 और हरियाणा की 90 सीटों के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। दोनों ही राज्यों के चुनावी नतीजे 24 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.