MP BJP: भाजपा का कांग्रेस पर वार, खाली खजाने का रोना रोने वाले जंबूरी मैदान पर शपथ को लेकर अब क्या कहेंगे
MP Politics: उन्होंने कहा कि अच्छे लोकतंत्र के लिए एक अल्पमत सरकार का मुख्यमंत्री राजभवन में सादे समारोह में शपथ क्यों नहीं ले रहा।
भोपाल, नईदुनिया स्टेट ब्यूरो। मप्र के नवनियुक्त मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके मंत्रियों द्वारा जंबूरी मैदान पर शपथ लेने के फैसले पर भाजपा ने पलटवार किया है। कुछ दिन पहले तक सरकार में रहकर कई आयोजन जंबूरी मैदान में कराने वाली भाजपा के प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कमलनाथ के मेगा शो पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार का खजाना खाली बताने वाली कांग्रेस किस नैतिकता के तहत जंबूरी मैदान में लाखों खर्च कर शपथ ग्रहण समारोह कर रही है।
रजनीश अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के कर्ज में डूबा होने का रोना रोने वाले क्या अब नए तर्क गढ़कर कुछ बोलेंगे? क्या यह नैतिक अपराध और राजनैतिक पाप नहीं है? वहीं भाजपा नेता हितेश वाजपेयी ने भी कांग्रेस को आड़े हाथों लिया, साथ ही साथ पूर्व की अपनी सरकार पर भी सवालिया निशान लगाया।
उन्होंने फेसबुक पर लिखा कि अच्छे और सात्विक लोकतंत्र के लिए क्या ऐसा नहीं होना चाहिए कि एक 'अल्पमत सरकार" का मुख्यमंत्री राजभवन में सादे समारोह में शपथ ले? जो जंबूरी मैदान के 50 करोड़ रुपए बचें, उससे कुपोषित बच्चों को और बेहतर पोषण आहार दिया जाए? हालांकि मुझे अहसास भी है कि हमनें क्या किया, लेकिन सोच रहा हूं कि क्या वाकई सरकार सोच के साथ बदली है?