MP Election Result 2018 Live: खुद को हारता देख अपनी ही सरकार पर भड़के मंत्री लाल सिंह
MP Election Result 2018 Live: मंत्री लाल सिंह आर्य ने एट्रोसिटी एक्ट को लेकर अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने सीएम शिवराज सिंह के बयान को पार्टी की इस स्थिति के लिए जिम्मेदार माना है।
भिंड। रुझानों के लिहाज से मध्य प्रदेश में 15 साल के बाद कांग्रेस सत्ता में आती दिख रही है। सरकार के खिलाफ एंटी एनकंबेंसी का असर नजर आ रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रदेश सरकार के आधा दर्जन से ज्यादा मंत्री कई राउंड की गिनती के बाद पिछड़ते दिख रहे हैं।
इसमें भिंड जिले की गोहद सीट से चुनावी मैदान में उतरे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री लाल सिंह आर्य भी शामिल हैं। उनके खिलाफ इस सीट पर कांग्रेस के रणवीर जाटव मैदान में हैं। इस बीच लाल सिंह आर्य का एक बयान सामने आया है, जिसमें वो सीधे-सीधे सरकार और सीएम शिवराज सिंह चौहान को कटघरे में खड़ा कर रहा है।
तीन राउंड की गिनती के बाद पिछड़े लाल सिंह आर्य ने कहा कि, "एट्रोसिटी एक्ट में हुए संशोधन और सीएम शिवराज सिंह के माई के लाल वाले बयान की वजह से पार्टी को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि कि गोहद में इसका प्रभाव तो था ही, इलाके की अन्य सीटों पर भी इसका असर देखने को मिला है। इतना ही नहीं उन्होंने चौथे राउंड की गिनती होने से पहले ही अपने पिछड़ने की बात कह डाली। हालांकि बाद में उसे संभालते हुए कहा कि, इसके बाद के राउंड में भाजपा इस सीट से बढ़त लेगी और चौथी बार सत्ता में लौटेगी। लेकिन चौथे राउंड में वो फिर पिछड़ गए।
बता दें कि लाल सिंह आर्य पर हत्या का भी आरोप था। दरअसल कांग्रेसी विधायक माखनलाल जाटव की गोहद के छरेंटा गांव में 13 अप्रैल 2009 को रात करीब 8 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस वक्त वे कांग्रेसी प्रत्याशी भागीरथ प्रसाद के समर्थन में हुई सभा से लौट रहे थे। इस मामले में गार्ड शिवराज सिंह की रिपोर्ट पर नारायण शर्मा, शेरा उर्फ शेरसिंह, पप्पू उर्फ मेवाराम, सेठी कौरव सहित अन्य को आरोपी बनाया। केस की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने लालसिंह आर्य को भी प्रकरण में आरोपी बनाने के आदेश दे दिए। इसके बाद उन्हें अदालत ने राहत दी थी।