MP Election 2018: कांग्रेस-भाजपा के 18 उम्मीदवारों की कुल संपत्ति 450 करोड़ से ज्यादा
Madhya Pradesh Chunav 2018 18 में से 12 प्रत्याशी ऐसे हैं जिनके पास पांच करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है।
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। इंदौर जिले की 9 सीटों पर भाजपा-कांग्रेस के टिकट पर भाग्य आजमा रहे 18 प्रत्याशियों के पास 450 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। एक प्रत्याशी को छोड़कर सभी करोड़पति हैं। किसी के पास सिर्फ आठ लाख रुपए की संपत्ति है तो किसी ने 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति आयोग में दिए शपथ पत्र में घोषित की है। संपत्ति के मामले में कांग्रेसी भाजपा से आगे नजर आ रहे हैं। 18 में से 12 प्रत्याशी ऐसे हैं जिनके पास पांच करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है।
कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों में सबसे ज्यादा संपत्ति एक नंबर विधानसभा से चुनाव लड़ रहे संजय शुक्ला के पास है। शुक्ला दंपति की कुल संपत्ति करीब 140 करोड़ रुपए है। इसके बाद कांग्रेस से ही चुनाव लड़ रहे सुरजीतसिंह चड्ढा हैं। उनकी कुल संपत्ति साढ़े 82 करोड़ है। संपत्ति के मामले में सत्यनारायण पटेल भी पीछे नहीं हैं। उनकी संपत्ति करीब 76 करोड़ है। कांग्रेस के टिकट पर देपालपुर से चुनाव लड़ रहे विशाल पटेल के पास भी 70 करोड़ से ज्यादा की संपत्तियां हैं। इसी तरह जीतू पटवारी भी 16 करोड़ 60 लाख रुपए की संपत्ति के मालिक हैं।
किसके पास कितनी कुल संपत्ति
विधानसभा भाजपा प्रत्याशी संपत्ति कांग्रेस प्रत्याशी संपत्ति
इंदौर क्रं.1 सुदर्शन गुप्ता 7 करोड़ 50 लाख संजय शुक्ला 140 करोड़
इंदौर क्रं.2 रमेश मेंदोला 1 करोड़ 58 लाख मोहन सेंगर 5 करोड़ 29
इंदौर क्रं.3 आकाश विजयवर्गीय 3 करोड़ 58 लाख अश्विन जोशी 3 करोड़ 77 लाख
इंदौर क्रं.4 मालिनी गौड़ 4 करोड़ 34 लाख सुरजीतसिंह चड्ढा 82 करोड़ 74 लाख
इंदौर क्रं.5 महेंद्र हार्डिया 5 करोड़ 54 लाख सत्यनारायण पटेल 75 करोड़ 67 लाख
राऊ मधु वर्मा 6 करोड़ 45 लाख जीतू पटवारी 16 करोड़ 60 लाख
सांवेर राजेश सोनकर 7 करोड़ 25 लाख तुलसी सिलावट 7 करोड़ 93 लाख
महू उषा ठाकुर 8 लाख अंतरसिंह दरबार 2 करोड़ 78 लाख
देपालपुर मनोज पटेल 14 करोड़ 40 लाख विशाल पटेल 70 करोड़ 32 लाख