MP Election 2018 : जनता ने आम आदमी पार्टी को चुनावी रेस में नहीं माना
MP Election 2018 : चुनाव परिणाम की समीक्षा में सामने आई जानकारी। सोमवार को हार के कारणों की समीक्षा राज्य कार्यकारिणी में भी होगी।
भोपाल। मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को मिली हार की समीक्षा रविवार को पॉलीटिकल अफेयर कमेटी (पीएसी) ने की। इसमें पाया गया है कि जनता ने पार्टी को चुनावी रेस में नहीं पाया। अब सोमवार को हार के कारणों की समीक्षा राज्य कार्यकारिणी में भी होगी।
इसके पूर्व पार्टी के दो संगठन सचिवों पंकज सिंह और मुकेश जायसवाल ने चुनाव में हार के बाद अपने इस्तीफे दे दिए हैं, लेकिन पार्टी के खराब प्रदर्शन के लिए अन्य पदाधिकारियों ने इस तरह जिम्मेदारी नहीं ली है।
आप की पॉलीटिकल अफेयर कमेटी ने दो दिन विधानसभा चुनाव परिणामों की समीक्षा की। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने समीक्षा बैठक में बताया है कि चुनाव में आम आदमी पार्टी को दो लाख 53 हजार 101 वोट मिले हैं। पार्टी चार करोड़ मतदाताओं के पास पहुंची।
हार का कारण कमजोर संगठन
पीएसी ने समीक्षा में चुनाव में मिली हार के चार कारण पाए हैं। अग्रवाल के मुताबिक, समीक्षा में सामने आया है कि जनता ने पार्टी को रेस में नहीं पाया और भाजपा के खिलाफ वोट देने के लिए कांग्रेस को चुना। कमजोर संगठन के कारण पार्टी मतदान स्तर तक नहीं पहुंच सकी और चुनाव के अंतिम 15 दिनों में दूसरे दलों द्वारा पैसा और शराब बांटे जाने से भी पार्टी को नुकसान हुआ।