MP Chunav 2018: मध्यप्रदेश में जीत का चौका मारेंगे- राजनाथसिंह, कांग्रेस को बताया बिना दूल्हे की बारात
MP Chunav 2018 राजनाथ सिंह ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के वायरल वीडियो पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस दबाव एव बंटवारे की राजनीति करती है।
सिंगरौली। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश में विकास और सुशासन के पिच पर इस बार जीत का चौका मारेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिना दूल्हे की बारात है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को आलू की फैक्टरी लगाने वाला नेता बताया। उन्होंने मध्यप्रदेश के नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के प्रत्याशी के प्रचार पर भी चुटकी ली।
केंद्रीय गृहमंत्री श्री सिंह आज दोपहर जिले के तियरा ग्राम पंचायत में भाजपा प्रत्याशी रामलल्लू बैस के पक्ष में चुनाबी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में 2003 के पहले न तो सड़क थी और न ही बिजली आती थी। मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद द्रुतगति से विकास हुआ है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस में ऐसा कोई नेता नही है जिसका कोई जनाधार हो।
उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की लोकप्रियता एव विकास तथा सर्वहारा वर्ग के लिए समर्पित बताते हुए कहा कि शिवराज सरकार ने प्रदेश के विकास एवं गरीबों के उत्थान के लिए कई महत्वकाक्षी योजनाओं की शुरुआत की। जिससे लोगों के जीवन स्तर में वृद्धि हुई हैं। लेकिन कांग्रेस के लोग अपने विकास में लगे रहे। श्री सिंह ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के वायरल वीडियो पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस दबाव एव बंटवारे की राजनीति करती है।
उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि कांग्रेस में कोई नेता छिंदवाड़ा से तो कोई गुना से अस्तित्व लड़ाई लड़ रहा है। लेकिन भाजपा विकास और सुशासन के मुद्दे पर जनता का विश्वास हासिल कर रही हैं। उन्होंने पाकिस्तान के कायराना हरकत का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने हमारे 5 सैनिकों की हत्या की जिसके बदले हमने उसको चेतावनी देते हुए सर्जिकल स्ट्राइक कर सैनिकों की शहादत का बदला लिया।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा प्रत्याशी रामलल्लू बैस को तीसरी बार जिताने उपस्थित जनमानस से आशीर्वाद देने की अपील की। इस मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गिरीश द्विवेदी, रामसुमिरन गुप्ता, सिडा अध्यक्ष बिरेन्द्र मिश्रा, महापौर प्रेमवती खैरवार, निगम अध्यक्ष चन्द्र प्रताप बिस्वकर्मा, सिडा उपाध्यक्ष शिवेन्द्र बहादुर सिंह दादोली, जिला पंचायत सदस्य नंदकेश सिंह, चुनाव प्रभारी वीरेन्द्र गोयल, केसी शर्मा, महामंत्री संतोष वर्मा, सूरज पाण्डेय, इकतीस बैस मौजूद रहे।