MP Election 2018: भोपाल के स्ट्रांग रूम में LED बंद, देखने पहुंचे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी
MP Election 2018 :पूर्व केंद्रीय मंत्री और भोजपुर सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी सुरेश पचौरी भी सेंट्रल जेल स्थित स्ट्रांग रूम पहुंचे।
भोपाल। स्ट्रांग रूम में एलईडी बंद होने को लेकर हुई शिकवा-शिकायत के बाद रविवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांताराव ने पुरानी जेल स्थित स्ट्रांग रूम का दौरा किया।
उन्होंने बताया कि विजिटर को लेकर जो प्रोटोकॉल है, उसका पालन किया जा रहा है। तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है। पहले चक्र में केंद्रीय अर्द्ध सैनिक बल, दूसरे में सशस्त्र बल के जवान और तीसरे चक्र में पुलिस लगी है। एलईडी पर स्ट्रांग रूम की गतिविधियां दिख रही हैं। इस दौरान राजनीतिक दल के लोग और कुछ प्रत्याशी भी मौजूद थे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भोजपुर सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी सुरेश पचौरी भी सेंट्रल जेल स्थित स्ट्रांग रूम पहुंचे। देर शाम उन्होंने रायसेन में पॉलिटेक्निक स्थित स्ट्रांग रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रदेश में अधिकांश जगह कांग्रेस के कार्यकर्ता स्ट्रांग रूम के बाहर 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता जेपी धनोपिया ने बताया कि हमने स्ट्रांग रूम में ताला लगाने, दीवार घड़ी लगाने सहित कुछ अन्य सुझाव दिए थे, जो मान लिए गए हैं। जैमर लगाने की मांग भी की गई है।